Breaking News

‘24 मार्च को होंगे पार्लियामेंट के लिए चुनाव’, डेनमार्क के प्रधानमंत्री का ऐलान     |   IND vs ZIM T20 WC: चेन्नई में ज‍िम्बाब्वे ने जीता टॉस, भारत की पहले बल्लेबाजी     |   महाराष्ट्र: सुनेत्रा अजित पवार को सर्वसम्मति से NCP का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया     |   भारत और इजरायल के बीच शिक्षा और AI से जुड़े समझौते हुए     |   पीएम मोदी का इजरायल दौरा: भारत और इजरायल के बीच कई समझौते हुए     |  

इंदौर के महू में दूषित पानी पीने से दो दर्जन से ज्यादा लोग बीमार

मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित महू छावनी परिषद क्षेत्र में दूषित पेयजल से फैल रही बीमारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है. बच्चों समेत दो दर्जन से अधिक लोगों के बीमार होने की सूचना मिलते ही इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा देर रात महू पहुंचे और रेडक्रास अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात की. कलेक्टर वर्मा ने पीलिया पीड़ित बच्चों और उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर इलाज की स्थिति की जानकारी ली.

उन्होंने डॉक्टरों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मरीजों को समय पर और बेहतर उपचार मिले, किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. कलेक्टर के साथ महू एसडीएम राकेश परमार और एडिशनल एसपी रूपेश द्विवेदी भी मौजूद रहे. कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से बीमारी के कारणों, पानी की सप्लाई और प्रभावित इलाकों की पूरी रिपोर्ट तलब की.

कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीमों को मौके पर तैनात किया गया है. सीएमएचओ डॉ. माधव हसानी के निर्देशन में बुधवार सुबह से प्रभावित क्षेत्रों में डोर-टू-डोर सर्वे शुरू किया जाएगा. जिन लोगों में बीमारी के शुरुआती लक्षण पाए जाएंगे, उन्हें घर पर इलाज दिया जाएगा, जबकि गंभीर मरीजों को तत्काल अस्पताल में भर्ती किया जाएगा.

प्रशासन ने दूषित पानी की आशंका के चलते पेयजल के सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं. कलेक्टर शिवम वर्मा ने स्पष्ट किया कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी हालात से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है. भागीरथपुरा के बाद महू में सामने आए इस मामले ने जल आपूर्ति व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. प्रशासन का दावा है कि दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी.