Breaking News

चढ़ावा चोरी केस: आरोपी अनुकल्प मिश्रा ने कराई थी भव्य राम कथा, ₹50 लाख खर्च का दावा     |   PAK आतंकवाद नहीं रोकेगा तो सिंधु जल संधि पर रुख नहीं बदलेगा: भारतीय विदेश मंत्रालय     |   भारतीय नाविक के शव से छेड़छाड़ पर वेनेजुएला से जांच की मांग: MEA प्रवक्ता जायसवाल     |   केतन हत्याकांड में नया खुलासा! सिया-चेतन करते थे 'कोड वर्ड' में बात, पुलिस ने जब्त किया दूसरा मोबाइल फोन     |   केतन मर्डर: सिया और चेतन को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |  

मिडिल-ईस्ट संकट का भारत में असर, गैस किल्लत के चलते मुंबई के 20% होटल बंद

पश्चिम एशिया में जारी जंग का असर भारत पर सीधा नजर आ रहा है. जंग के चलते भारत के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई में बड़ी कमी आ गई है. सरकार ने 5 मार्च को आदेश दिया कि घरेलू उपभोक्ताओं को पहले गैस दी जाए। होटल, रेस्टोरां और अन्य कमर्शियल यूजर्स को सिलेंडर नहीं मिल पा रहे. इससे देश के कई बड़े शहरों में फूड बिजनेस पर संकट गहरा गया है. 

मुंबई में होटल और रेस्टोरां एसोसिएशन (AHAR) के अनुसार, शहर के लगभग 20% होटल और रेस्टोरां पहले ही बंद हो चुके हैं. डीलर्स बताते हैं कि कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई रुक गई है. अगर स्थिति नहीं सुधरी तो जल्द ही और ज्यादा जगहों पर ताला लग सकता है. होटल मालिक अब स्टॉक खत्म होने पर फैसला ले रहे हैं कि बिजनेस चलाएं या बंद करें.

होटल और रेस्टोरेंट से जुड़ी संस्था आहार ने चेतावनी दी है कि अगर गैस सप्लाई जल्द सामान्य नहीं हुई तो अगले दो दिनों में शहर के करीब 50% होटल बंद हो सकते हैं. आहार एसोसिएशन का कहना है कि कई होटलों के पास अब बहुत कम गैस स्टॉक बचा है. ऐसे में कई होटल मालिकों ने अस्थायी तौर पर अपने होटल बंद करने का फैसला लिया है. हालांकि अभी तक एसोसिएशन की तरफ से सामूहिक रूप से होटल बंद करने का कोई आधिकारिक निर्णय नहीं लिया गया है. यह फैसला फिलहाल होटल मालिकों पर छोड़ा गया है कि वे अपने कारोबार को जारी रखें या बंद करें.

मुंबई के अलावा चेन्नई में भी एलपीजी सिलेंडरों की कमी की समस्या सामने आई है. चेन्नई होटल एसोसिएशन ने इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मदद मांगी है. उन्होंने कहा कि होटलों के पास सिर्फ 2-3 दिनों का स्टॉक बचा है. फूड इंडस्ट्री अस्पतालों, आईटी पार्क, हॉस्टल और यात्रियों के लिए खाना बनाती है. सप्लाई रुकने से आम लोगों को परेशानी होगी. गुरुग्राम, पुणे और कोलकाता जैसे शहरों में भी समस्या है.

बेंगलुरु होटल एसोसिएशन (BHA) ने बताया कि सोमवार से कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई अचानक रुक गई. मंगलवार (10 मार्च) से शहर के कई होटल और रेस्टोरां बंद हो गए हैं. एसोसिएशन का कहना है कि यह जरूरी सेवा है, क्योंकि छात्र, मरीज और आम लोग रोजाना होटलों से खाना लेते हैं. अगर सप्लाई जल्द नहीं आई तो और ज्यादा बंदियां हो सकती हैं.