Breaking News

तमिलनाडु CM विजय ने परिसीमन के खिलाफ विधानसभा में प्रस्ताव पेश किया     |   राज्यसभा में आज दो बिल पेश करेंगे अमित शाह     |   झारखंड: रांची छात्र आंदोलन का 19वां दिन, रात से पंडाल की बिजली गुल     |   जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में भारी बारिश से जलभराव, कई इलाकों में यातायात प्रभावित     |   मिस्र के कार्गो शिप पर हूती का अटैक, 4 की मौत     |  

मुंबई के विले पार्ले में बहुमंजिला इमारत में भीषण आग, शिशु समेत 2 की मौत, 6 घायल

मुंबई के विले पार्ले पश्चिम इलाके में मंगलवार रात एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। बैपटिस्टा रोड स्थित शांता भवन की 11वीं मंजिल पर एक फ्लैट में आग लगी, जिसने देखते ही देखते आसपास के हिस्से को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक शिशु समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों में एक दमकलकर्मी भी शामिल है।

मुंबई दमकल विभाग के मुताबिक, आग लगने की सूचना रात करीब 10 बजे मिली थी। शुरुआती तौर पर आग को लेवल-1 की श्रेणी में रखा गया, लेकिन रात 10:16 बजे स्थिति गंभीर होने के बाद इसे लेवल-2 घोषित कर दिया गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। लगातार प्रयासों के बाद रात करीब 1 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

आग 11 मंजिला इमारत की 11वीं मंजिल पर स्थित एक आवासीय फ्लैट में लगी थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग बिजली के तारों, एसी यूनिट और घर में रखे सोफा, बिस्तर, रसोई के सामान समेत अन्य घरेलू वस्तुओं तक फैल गई। आग तेजी से फैलने के कारण आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई पुलिस, 108 एंबुलेंस सेवा, दमकल विभाग और संबंधित वार्ड की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने के साथ-साथ इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम भी किया। आग की चपेट में आने से कुल आठ लोग घायल हुए। इनमें से छह लोगों को नानावती अस्पताल और दो को कूपर अस्पताल ले जाया गया।

नानावती अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि वहां लाए गए छह लोगों में से दो को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की पहचान 2.5 वर्षीय अबीर और 23 वर्षीय अंकिता के रूप में हुई है। वहीं पार्थ (32), हिरेन (64), यशस्वी और अभिषेक की हालत स्थिर बताई गई है। कूपर अस्पताल में भर्ती दमकलकर्मी मनोज सोनावणे और शिवम द्विवेदी का इलाज किया गया, जिसके बाद दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

फिलहाल आग लगने के सटीक कारण का पता नहीं चल पाया है। यह जांच की जा रही है कि आग इतनी तेजी से कैसे फैली। प्रारंभिक तौर पर बिजली के तारों और एसी यूनिट से आग फैलने की बात सामने आई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। इससे पहले रविवार को मुंबई के बायकुला पुलिस स्टेशन की पहली मंजिल पर भी आग लगने की घटना सामने आई थी। आग एक कमरे में लगी थी और कुछ ही देर में फैलने लगी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कुछ समय की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया था। हालांकि, इस घटना में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली थी।