Breaking News

नितिन नवीन कल जालंधर में समरसता संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखायेंगे     |   केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मिस्र के प्रधानमंत्री से की मुलाकात     |   यूपी में सीट शेयरिंग पर कांग्रेस-सपा की बैठक अब कल नहीं होगी, अगले 2-3 दिन में फैसला     |   चीन में किम जोंग उन से मिल सकते हैं ट्रंप, APEC समिट के दौरान मुलाकात के संकेत     |   होर्मुज में एक और तेल टैंकर पर बारूदी सुरंग से हमला: ईरान     |  

भारी बारिश के बाद उत्तर भारत में प्रमुख नदियां उफान पर, अधिकारी अलर्ट, बढ़ते जलस्तर पर है पैनी नजर

ऊपरी इलाकों में भारी बारिश की वजह से उत्तर भारत की प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। इससे नदी के किनारे रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। उत्तर प्रदेश के मंदिर शहर अयोध्या में सरयू नदी का जलस्तर पिछले दो दिनों से लगातार बढ़ रहा है। हालांकि जलस्तर अब भी खतरे के निशान से नीचे है, फिर भी अधिकारी हालात पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं। किसी भी हादसे से बचने के लिए एहतियात के तौर पर नाव संचालन रोक दिया गया है।

जोखिम वाली जगहों पर बैरिकेड और अस्थायी सुरक्षा दीवारें भी लगाई गई हैं। साथ ही श्रद्धालुओं को गहरे पानी में न जाने की सलाह दी गई है। प्राचीन शहर वाराणसी में भी हालात कुछ इसी तरह के दिख रहे हैं। ऊपरी इलाकों में लगातार हो रही बारिश की वजह से गंगा नदी उफान पर है। कई घाट पानी में डूब गए हैं और बाढ़ का पानी कुछ मंदिरों तक भी पहुंच गया है।

पानी का बढ़ता स्तर नाव चलाने वालों और इलाके के लोगों के लिए मुश्किलें पैदा कर रहा है। उन्हें डर है कि अगर पानी का स्तर और बढ़ा, तो नाव सेवाएं बंद करनी पड़ सकती हैं और उनकी आजीविका पर असर पड़ सकता है। देश की राजधानी दिल्ली में भी चिंता बढ़ रही है। यहां यमुना नदी ओखला बैराज और कालिंदी कुंज के पास तेजी से बह रही है। एहतियात के तौर पर, कालिंदी कुंज यमुना घाट पर नावों और लाइफ जैकेट से लैस एनडीआरएफ की एक टीम तैनात की गई है। मानसून की वजह से उत्तर भारत की कई नदियों में जलस्तर बढ़ रहा है, जिससे नदी के किनारे रहने वाले और अपनी आजीविका के लिए नदियों पर निर्भर कई लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।