दिल्ली पुलिस में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस एस्टेब्लिशमेंट बोर्ड की सिफारिश के बाद 43 IPS और DANIPS अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए गए हैं। उपराज्यपाल की मंजूरी के बाद यह फेरबदल लागू किया गया है। इस बदलाव में कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। कई जिलों के DCP और विभिन्न रेंज के Joint CP को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसके अलावा ट्रैफिक, स्पेशल ब्रांच, विजिलेंस, EOW, क्राइम, इंटेलिजेंस, पुलिस मुख्यालय और अन्य महत्वपूर्ण विभागों में भी अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।
फेरबदल के तहत गरिमा भटनागर को विशेष पुलिस आयुक्त, EOW के पद पर बनाए रखते हुए MD, DPHCL का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं मनीष अग्रवाल को विशेष पुलिस आयुक्त, PSD और अजय चौधरी को विशेष पुलिस आयुक्त, ट्रैफिक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अतुल कटियार को विशेष पुलिस आयुक्त, कल्याण एवं कानूनी प्रभाग नियुक्त किया गया है। वहीं विवेक किशोर को विशेष पुलिस आयुक्त, SPUWAC एवं लाइसेंसिंग की जिम्मेदारी दी गई है। सिंधु पिल्लई को विशेष पुलिस आयुक्त, विजिलेंस एवं मीडिया सेल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
सुमन गोयल को संयुक्त पुलिस आयुक्त, पश्चिमी रेंज, जबकि रजनीश गुप्ता को संयुक्त पुलिस आयुक्त, परिवहन रेंज नियुक्त किया गया है। जतिन नरवाल को संयुक्त पुलिस आयुक्त, विशेष शाखा की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह मिलिंद महादेव डुमबेरे को संयुक्त पुलिस आयुक्त, पूर्वी रेंज नियुक्त किया गया है। उनकी नई तैनाती 1 सितंबर 2026 से प्रभावी होगी। दीपक पुरोहित को संयुक्त पुलिस आयुक्त, लाइसेंसिंग और नुपुर प्रसाद को संयुक्त पुलिस आयुक्त, नई दिल्ली रेंज की जिम्मेदारी दी गई है।
फेरबदल में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी बदली गई हैं। मोनिका भारद्वाज को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, क्राइम नियुक्त किया गया है। संजय भाटिया को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, IFSO और वर्षा शर्मा को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, EOW की जिम्मेदारी दी गई है।प्रतीक्षा गोदारा को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, ट्रैफिक (मुख्यालय) और जितेंद्र कुमार मीणा को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, विजिलेंस नियुक्त किया गया है। वहीं निधिन वलसन को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, स्पेशल ब्रांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा ए.के. लाल को पुडुचेरी से स्थानांतरण के बाद दिल्ली पुलिस में पुलिस उपायुक्त (DCP), जनरल एडमिनिस्ट्रेशन (GA) की जिम्मेदारी दी गई है। दिल्ली पुलिस में हुए इस व्यापक फेरबदल का उद्देश्य विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों और रेंज में प्रशासनिक जिम्मेदारियों को नए सिरे से व्यवस्थित करना है। नई तैनातियों के बाद पुलिस के अलग-अलग विभागों के कामकाज में बदलाव देखने को मिलेगा।