वर्ल्ड लायन डे से पूर्व गुजरात वन विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। विभाग ने इंसानों पर हमला करने वाले एशियाई शेरों को रखने के लिए अमरली जिले के अंबार्डी सफारी पार्क में 100 हेक्टेयर क्षेत्र में एक विशेष बाड़ा बनाने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, इस विशेष बाड़े को शेरों के लिए उनके प्राकृतिक आवास जैसा वातावरण देते हुए तैयार किया जाएगा। इसके लिए वन विभाग ने काम शुरू कर दिया है और अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।
गुजरात के प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं हेड ऑफ फॉरेस्ट फोर्स जयपाल सिंह, IFS ने बताया कि अंबार्डी सफारी पार्क में निर्धारित क्षेत्र की फेंसिंग कर इंसानों पर हमला करने वाले शेरों को उपयुक्त वातावरण में रखा जाएगा। इस काम के लिए जरूरी निर्देश जारी कर दिए गए हैं और निर्माण कार्य शुरू हो चुका है।
वन विभाग के अनुसार, इंसान और वन्यजीवों के बीच संघर्ष कम करने, जानवरों को सुरक्षित आवास देने, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और वन्यजीवों के लंबे समय तक संरक्षण के लिए समय-समय पर वैज्ञानिक तरीके से वन्यजीवों का स्थानांतरण किया जाता है। जब कोई जंगली जानवर गांव या आबादी वाले इलाके में पहुंच जाता है तो उसे सुरक्षित तरीके से पकड़कर जंगल में छोड़ा जाता है। इसके अलावा घायल या बीमार जानवरों के इलाज, आबादी के प्रबंधन और उपयुक्त आवास उपलब्ध कराने के लिए भी वन्यजीवों को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाता है।
शेर और तेंदुए कई बार खेतों या रिहायशी इलाकों में पहुंच जाते हैं। ऐसे मामलों में उन्हें पकड़कर सुरक्षित अभयारण्य या वन क्षेत्र में छोड़ा जाता है। इसी तरह, आबादी के पास झीलों या नदियों के किनारे पाए जाने वाले मगरमच्छों को भी सुरक्षित जलाशयों में स्थानांतरित किया जाता है। अमरेली जिले के धारी के पास स्थित अंबार्डी सफारी पार्क गुजरात के प्रमुख वन्यजीव पर्यटन स्थलों में शामिल है। करीब 365 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला यह पार्क गिर संरक्षित क्षेत्र के आरक्षित वन क्षेत्र में स्थित है।
यहां एशियाई शेरों के अलावा तेंदुए, चीतल, नीलगाय, चिंकारा, मोर और कई अन्य पक्षियों का भी संरक्षण किया जाता है। पार्क में पर्यटकों को गिर के प्राकृतिक वातावरण और वन्यजीवों को करीब से देखने का अवसर मिलता है। अंबार्डी सफारी पार्क की स्थापना 2017 में वन्यजीव संरक्षण और प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से की गई थी। आधुनिक सफारी सुविधाओं और प्राकृतिक वातावरण के कारण यह पार्क हर साल बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित करता है।
पार्क से स्थानीय स्तर पर रोजगार को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ अमरेली जिले में इको-टूरिज्म को भी बढ़ावा मिल रहा है। वाइल्डलाइफ में रुचि रखने वाले पर्यटकों के लिए अंबार्डी सफारी पार्क एक प्रमुख आकर्षण बनकर उभरा है। हर साल 10 अगस्त को वर्ल्ड लायन डे मनाया जाता है। इसका उद्देश्य शेरों के संरक्षण और उनकी सुरक्षा को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाना है।