Breaking News

दिल्ली में मॉनसून की दस्तक, IMD ने दी जानकारी     |   मुंबई मानसून अपडेट: ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर थमी रफ्तार, कुर्ला-सायन जाम     |   पूर्वोत्तर में बाढ़ से भारी तबाही, मल्लिकार्जुन खड़गे ने जताया दुख     |   केतन मर्डर केस: पुलिस ने आरोपी सिया के लाई डिटेक्टर टेस्ट की कोर्ट से मांगी मंजूरी     |   दिल्ली: तृणमूल कांग्रेस के 10 विधायक आज EC से मिलेंगे, ऋतब्रत बनर्जी करेंगे नेतृत्व     |  

नेपाल में बड़ा हादसा, पोखरा-काठमांडू बस त्रिशूली नदी में गिरी, 18 की मौत

नेपाल के धाडिंग जिले में गजुरी के पास एक बड़ा हादसा हुआ है. रविवार देर रात एक यात्री बस के त्रिशूली नदी में गिर जाने से कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई है. ये बस पोखरा से काठमांडू आ रही थी. रविवार देर रात डेढ़ बजे काठमांडू से करीब 90 किलोमीटर पश्चिम में पृथ्वी राजमार्ग पर अनियंत्रितत होकर बस त्रिशूली नदी में जा गिरी.

नेपाल के सशस्त्र पुलिस बल के प्रवक्ता बिष्णु प्रसाद भट्ट के अनुसार, दुर्घटनास्थल से 17 शव बरामद किए गए हैं और बस से 28 घायल यात्रियों को निकाला गया है. वहीं काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, धाडिंग के डिस्ट्रिक्ट ट्रैफिक पुलिस ऑफिस के चीफ शिशिर थापा ने कहा कि मरने वालों की संख्या 18 हो गई है. घायल यात्रियों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. इस बीच राहत और बचाव कार्य भी जोर-शोर से जारी है. बचाव कार्य में नेपाल सेना, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल पुलिस के जवानों को लगाया गया है.

अब तक मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में मारे गए लोगों में एक पुरुष यात्री न्यूजीलैंड का भी था. वहीं घायल लोगों में जापान और नीदरलैंड की एक-एक महिलाएं शामिल हैं. पुलिस ने कहा कि हादसे का सटीक कारण अभी पता नहीं चल पाया है. हालांकि आशंका है कि अत्यधिक तेज गति से वाहन चलाए जाने के कारण यह हादसा हुआ.

नेपाल में काठमांडू से पोखरा तक का रास्ता ऊंचे पहाड़ों को काटकर बनाया गया है. इस रास्ते में कई जगह नीचे गहरी खाइयां हैं. यह रोड देश के कुछ सबसे सुंदर इलाकों से होकर भी गुजरती है. एडवेंचर पसंद करने वाले लोग कई बार जान-बूझकर इस रास्ते का सफर बस से करते हैं. यह रास्ता लगभग 204 किमी लंबा है और इसमें 6-7 घंटे लगते हैं. इस रास्ते से गुजरते हुए अन्नपूर्णा और धौलागिरी सहित हिमालय के शानदार नजारे दिखते हैं जिसके कारण सैलानी भी खिंचे चले आते हैं.

बता दें कि त्रिशूली नदी तिब्बत से निकलती है और ग्यरोंग टाउन से नेपाल में प्रवेश करती है. यह नदी काठमांडू से पोखरा जाने वाले रास्ते के बीच में भी पड़ती है. यह नदी काठमांडू से थोड़ी ही दूरी पर स्थित है. इस नदी की धारा बेहद तेज है इसलिए यह राफ्टिंग का शौक रखने वालों के लिए एक पसंदीदा जगह है.