Google Maps में पिछले दस सालों में सबसे बड़ा बदलाव किया जा रहा है। कंपनी ने इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर आधारित कई नए फीचर जोड़े हैं, जिससे अब रास्ता ढूंढना और यात्रा की योजना बनाना पहले से ज्यादा आसान और स्मार्ट हो जाएगा। इस अपडेट का सबसे खास फीचर ‘Ask Maps’ है। यह फीचर गूगल के नए Gemini AI मॉडल पर आधारित है। इसके जरिए यूजर अब Google Maps के अंदर ही चैट की तरह सवाल पूछकर जगहों और यात्रा से जुड़ी जानकारी ले सकते हैं। यह फीचर फिलहाल अमेरिका और भारत में Android और iOS डिवाइस पर शुरू किया जा रहा है।
Google के CEO सुंदर पिचाई ने भी इस नए फीचर के बारे में जानकारी साझा की और इसे नेविगेशन टेक्नोलॉजी में बड़ा कदम बताया। ‘Ask Maps’ के जरिए अब यूजर सिर्फ किसी जगह को सर्च करने तक सीमित नहीं रहेंगे। वे सामान्य भाषा में सवाल पूछ सकते हैं।
जैसे—
- तीन घंटे की फैमिली हाइक के लिए सबसे अच्छी जगह कौन-सी है?
- रास्ते में लंच के लिए कहां रुक सकते हैं?
- रात में खेलने के लिए लाइट वाले टेनिस कोर्ट कहां हैं?
Google के अनुसार यह फीचर दुनिया भर की 30 करोड़ से ज्यादा जगहों के डेटा और 50 करोड़ से अधिक लोगों के योगदान से मिली जानकारी का इस्तेमाल करता है। AI की मदद से यह यूजर्स को उनकी जरूरत के अनुसार सुझाव देता है और उन्हें सीधे मैप पर दिखाता है। अगर कोई व्यक्ति रोड ट्रिप प्लान कर रहा है तो Ask Maps रास्ते में रुकने की जगहें, दिशा-निर्देश, अनुमानित समय और अन्य जरूरी सुझाव भी दे सकता है। यूजर किसी जगह को चुनने के बाद वहीं से बुकिंग कर सकते हैं, जगह सेव कर सकते हैं, दोस्तों के साथ शेयर कर सकते हैं या तुरंत नेविगेशन शुरू कर सकते हैं।
इसके अलावा Google ने ‘Immersive Navigation’ नाम का एक नया फीचर भी पेश किया है। यह पिछले दस सालों में ड्राइविंग और रास्ता दिखाने वाले सिस्टम में सबसे बड़ा अपडेट माना जा रहा है। यह फीचर Street View, हवाई तस्वीरों और AI तकनीक की मदद से रास्तों का 3D व्यू तैयार करता है। इससे यूजर को सड़क, इमारतें, पुल, ट्रैफिक लाइट और आसपास के लैंडमार्क पहले से ज्यादा साफ दिखाई देंगे।
इसका मकसद लोगों को असली सड़क जैसी जानकारी देना है ताकि जटिल चौराहों या रास्तों पर भ्रम कम हो। साथ ही यह फीचर लेन गाइडेंस, आने वाले मोड़ और वैकल्पिक रास्तों की जानकारी भी साफ तरीके से देगा। फिलहाल Immersive Navigation अमेरिका में धीरे-धीरे शुरू किया जा रहा है और आगे चलकर इसे Android, iOS, CarPlay और Android Auto जैसे प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध कराया जाएगा।
Google का कहना है कि मैपिंग डेटा और Gemini AI को मिलाकर डिजिटल मैप को ज्यादा स्मार्ट बनाया जा रहा है, ताकि लोग अपनी यात्रा की योजना आसानी से बना सकें और रास्ते में कम परेशानी हो। भारत और अमेरिका के कई यूजर्स को यह अपडेट Google Maps ऐप में दिखना शुरू हो गया है। कंपनी का कहना है कि यह AI आधारित नेविगेशन के नए दौर की शुरुआत है।