Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

Magh Purnima 2026: पवित्र नदियों में आस्था की डुबकी, उत्तर भारत में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

Magh Purnima 2026: हिंदू पंचांग के अनुसार आज माघ पूर्णिमा के साथ माघ महीने का समापन हो गया। इस अवसर पर उत्तर भारत की पवित्र नदियों के घाटों पर तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।

उत्तराखंड के हरिद्वार में गंगा नदी के प्रसिद्ध हर की पौड़ी घाट पर सुबह से ही श्रद्धालु स्नान करते नजर आए। शहर और आसपास के इलाकों से आए तीर्थयात्रियों ने गंगा स्नान के बाद धार्मिक अनुष्ठान किए। श्रद्धालुओं का कहना है कि माघ पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में भी कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं ने सरयू नदी के घाटों पर पवित्र स्नान किया। स्नान के बाद लोगों ने पितरों के लिए तर्पण किया और सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद श्रद्धालु राम मंदिर सहित अन्य मंदिरों की ओर रवाना हुए।

वाराणसी में पुजारियों ने बताया कि माघ पूर्णिमा का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है। मान्यता है कि जो लोग पूरे माघ महीने स्नान नहीं कर पाते, वे माघ पूर्णिमा के दिन स्नान कर पूरे महीने का पुण्य प्राप्त कर सकते हैं।

प्रयागराज में चल रहे माघ मेले में भी इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। लाखों लोगों ने गंगा, यमुना और पौराणिक सरस्वती नदी के संगम पर स्नान कर पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने मेले में की गई व्यवस्थाओं की सराहना की और प्रशासन का धन्यवाद किया।

गौरतलब है कि प्रयागराज में 44 दिनों तक चलने वाला माघ मेला 15 फरवरी को संपन्न होगा।