उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार को एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) के नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक मजबूती और गठबंधन के समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने एक होटल में एनडीए के सभी सहयोगी दलों के नेताओं के साथ विचार-विमर्श किया। इस दौरान प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को लेकर मंथन किया गया।
बैठक के बाद राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने कहा कि एनडीए के सभी सहयोगी दल पूरी एकजुटता के साथ 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। त्रिलोक त्यागी ने कहा कि गठबंधन के सभी दलों का साझा लक्ष्य वर्ष 2027 में एक बार फिर उत्तर प्रदेश में सरकार बनाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि सहयोगी दलों के बेहतर तालमेल और संयुक्त रणनीति के दम पर एनडीए आगामी चुनाव में मजबूत प्रदर्शन करेगा। बैठक को आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र एनडीए की रणनीतिक तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। नेताओं ने गठबंधन को और मजबूत करने तथा जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया।