Breaking News

5 राज्यों में चुनाव को लेकर शाम 4 बजे चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस     |   कोलकाता झड़प के बाद BJP ने शशि पांजा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई     |   एअर इंडिया एक्सप्रेस ने UAE के लिए सभी उड़ानें रद्द कीं     |   IDF का दावा: ईरान ने इजरायल की ओर मिसाइलें दागीं     |   UAE: फुजैराह पोर्ट पर तेल लोडिंग फिर हुई शुरू     |  

करूर भगदड़ मामला: CBI की पूछताछ के लिए पेश होंगे TVK अध्यक्ष विजय

टीवीके (TVK) अध्यक्ष विजय 2025 करूर भगदड़ मामले में पूछताछ के लिए रविवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के सामने पेश होंगे। पिछले साल 27 सितंबर को तमिलगा वेट्ट्री कझगम (TVK) नेता विजय के करूर में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान भगदड़ मच गई थी, जिसमें 41 लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले की जांच पहले राज्य स्तर की विशेष जांच टीम (SIT) कर रही थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद इसे CBI को सौंप दिया गया, ताकि मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच हो सके।

CBI अब करूर में आयोजित इस राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान हुई भगदड़ से जुड़े सभी परिस्थितियों की जांच कर रही है। जांच में भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था, विजय के कार्यक्रम में पहुंचने का समय और पार्टी आयोजकों तथा स्थानीय प्रशासन के बीच समन्वय जैसे पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।जांच का एक अहम मुद्दा कार्यक्रम स्थल पर कथित सात घंटे की देरी भी है। अधिकारी यह जांच कर रहे हैं कि कार्यक्रम के तय समय और विजय के वास्तविक आगमन के समय के बीच अंतर से क्या भीड़ बढ़ी और स्थिति नियंत्रण से बाहर हुई।

CBI कार्यक्रम के लिए ली गई अनुमति से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है और यह स्पष्ट करने की कोशिश कर रही है कि करूर में इस कार्यक्रम का आयोजन किसने किया था। एजेंसी पार्टी के अंदर संगठनात्मक ढांचे की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कार्यक्रम की योजना और क्रियान्वयन की जिम्मेदारी किसकी थी, और करूर में कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला किसने लिया तथा विजय को इसकी जानकारी कब दी गई।

जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या विजय की टीम ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर पहले से किसी तरह का जोखिम आकलन (रिस्क असेसमेंट) किया था या नहीं, और क्या भीड़ के लिए पीने के पानी, प्रवेश और निकास के अलग-अलग रास्तों जैसी बुनियादी व्यवस्थाएं की गई थीं। इसके अलावा विजय के संशोधित कारवां (काफिले) की भीड़ के बीच आवाजाही की भी जांच हो रही है। CBI यह देख रही है कि यह काफिला घनी भीड़ के बीच से कैसे गुजरा और क्या इसमें स्थानीय पुलिस के साथ पर्याप्त समन्वय था या नहीं। एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि विजय को भगदड़ की जानकारी कब मिली और उसके बाद घटनाक्रम कैसे आगे बढ़ा। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर उनके आने और जाने के सटीक समय को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।