Breaking News

नेपाल में 4,250 लोग अब भी लापता, छठे दिन भी तलाश जारी     |   सिंगर अंकित बालियान मर्डर केस: शामली में पीड़ित परिवार से मिले जयंत चौधरी     |   UP: सीएम योगी ने हापुड़ हादसे का संज्ञान लिया, घायलों के तुरंत इलाज के निर्देश दिए     |   जोमैटो ने एनालॉग डिशेज की बिक्री पर ज़ीरो-टॉलरेंस पॉलिसी की घोषणा की     |   अमेरिका ने होर्मुज में माइन थ्रेट के बीच ईरान के लारक द्वीप पर हमला किया     |  

जापानी प्रतिनिधिमंडल ने BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से की मुलाकात

जापान की सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) के एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कूटनीतिक बातचीत हुई। LDP जापान की वर्तमान सत्तारूढ़ पार्टी है, जिसकी अगुवाई प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची कर रही हैं। इस मुलाकात को भारत-जापान संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।

इस बीच, विदेश मंत्रालय (MEA) ने जापान द्वारा रक्षा उपकरण और तकनीक के हस्तांतरण से जुड़े अपने पुराने ढांचे की समीक्षा के फैसले का स्वागत किया है। मंत्रालय ने इसे द्विपक्षीय सुरक्षा सहयोग को मजबूत करने की दिशा में सकारात्मक कदम बताया। MEA के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “भारत, जापान के इस फैसले का स्वागत करता है। रक्षा और सुरक्षा सहयोग, भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी का अहम स्तंभ है।”

उन्होंने कहा कि दोनों देश साझा रणनीतिक दृष्टिकोण के तहत सहयोग को लगातार मजबूत कर रहे हैं। साथ ही, राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक विकास के हित में व्यावहारिक सहयोग बढ़ाने के लिए भी प्रतिबद्ध हैं। जायसवाल ने यह भी कहा कि यह नया ढांचा सरकारी और निजी क्षेत्र के बीच तकनीकी और औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देगा, खासकर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण क्षेत्रों में। गौरतलब है कि जापान ने 21 अप्रैल को रक्षा उपकरण और तकनीक हस्तांतरण से जुड़े अपने “थ्री प्रिंसिपल्स” में संशोधन की घोषणा की थी। भारत और जापान के बीच ‘विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी’ है, जो विभिन्न क्षेत्रों में मजबूत सहयोग को दर्शाती है।