Breaking News

लोकसभा की कार्यवाही गुरुवार सुबह ग्यारह बजे तक स्थगित     |   जस्टिस यशवंत वर्मा को पद से हटाने के लिए शीतकालीन सत्र में लाया जा सकता है महाभियोग प्रस्ताव     |   दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य     |   कर्नाटक में विभागों का बंटवारा, सीएम शिवकुमार ने अपने पास रखा वित्त विभाग     |   टाटा के चेयरमैन चंद्रशेखरन के इस्तीफे की पेशकश के बाद TCS में 4.97% की गिरावट     |  

Jammu Kashmir: सीमावर्ती गांवों से बिना फटे गोला-बारूद को हटाने के लिए अभियान जारी

जम्मू कश्मीर के सीमावर्ती गांवों में पाकिस्तान द्वारा दागे गए बिना फटे गोला-बारूद को नष्ट करने के लिए सेना और पुलिस बॉम्ब स्क्वाड ने एक बड़ी कवायद शुरू की है। चीफ सेक्रेटरी अटल डुल्लू ने कहा कि वे हालात पर नजर रख रहे हैं और सुरक्षा एजेंसियों से मंजूरी मिलने के बाद विस्थापित सीमावर्ती निवासियों की वापसी में सुविधा प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि वे उन लोगों को शीघ्र मुआवजा भी सुनिश्चित करेंगे जिनके घर नागरिक क्षेत्रों पर अंधाधुंध गोलाबारी में क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

राजौरी और पुंछ जिलों में नियंत्रण रेखा (LoC) और जम्मू और सांबा में अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगे क्षेत्रों में विशेषज्ञों ने दर्जनों विस्फोटक नष्ट किए, जहां सात मई से 10 मई तक सीमा पार से भारी गोलाबारी और ड्रोन हमले हुए थे। पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी की तीव्रता सात मई को बढ़ गई थी, जब भारतीय सशस्त्र बलों ने 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकवादी हमले के जवाब में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत सीमा पार नौ आतंकवादी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए थे। पहलगाम आतंकवादी हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे।

पाकिस्तान की ओर से संघर्ष विराम का उल्लंघन पहलगाम आतंकवादी हमले के तुरंत बाद उत्तरी कश्मीर से शुरू हो गया था और यह जम्मू संभाग में नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास के क्षेत्रों तक फैल गया, जिसके जवाब में भारतीय सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई की। सीमा पार से की गई गोलाबारी में 28 लोग मारे गए और 50 से अधिक लोग घायल हो गए। इस गोलाबारी की वजह से दो लाख से अधिक सीमावर्ती निवासियों को घर छोड़कर सुरक्षित जगहों पर शरण लेनी पड़ी। पिछले तीन दिन में इनमें से काफी लोग अपने गांव लौट चुके हैं।

हालांकि, कई लोग अब भी सरकार द्वारा स्थापित राहत शिविरों में अधिकारियों की हरी झंडी का इंतजार कर रहे हैं। चीफ सेक्रेटरी अटल डुल्लू ने हालात का आकलन करने के लिए गोलाबारी से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और राजौरी के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज करा रहे पीड़ितों के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।