Breaking News

अंकिता भंडारी हत्याकांड: मुख्य आरोपी पुलकित के पिता और वकील के खिलाफ जीरो FIR     |   ‘धारा 301’ जांच और 25 प्रतिशत शुल्क को लेकर भारत का अमेरिका को सीधा जवाब     |   दिल्ली के यमुना खादर में मुठभेड़, आरोपी अमन गुर्जर के पैर में गोली     |   उत्तराखंड चुनाव 2027 से पहले प्रशासन में बड़ा फेरबदल, 13 IAS और 17 IPS अफसरों का किया ट्रांसफर     |   26/11 हमले के 18 साल हुए पूरे, चश्मदीद ने बताया-आज भी नहीं सो पाता ठीक से     |  

Oxford में भारतीय छात्रा के साथ नस्लीय दुर्व्यवहार, महिला की टिप्पणी से आहत हुईं कामाक्षी

Oxford: ब्रिटेन की प्रतिष्ठित ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रही एक भारतीय पीएचडी छात्रा ने नस्लीय भेदभाव से जुड़ा अपना दर्दनाक अनुभव साझा किया है। कामाक्षी नाम की इस छात्रा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर बताया कि ऑक्सफोर्ड में खरीदारी के दौरान उन्हें एक महिला की नस्लीय टिप्पणी का सामना करना पड़ा। उनके इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर नस्लवाद और विदेशी शैक्षणिक संस्थानों में भेदभाव को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में कामाक्षी ने बताया कि उनकी एक पुरानी पोस्ट पर नस्लभेदी टिप्पणी किए जाने के बाद उन्हें कई लोगों का समर्थन मिला था। लोगों की प्रतिक्रियाओं ने उन्हें ऑक्सफोर्ड में नस्लीय अल्पसंख्यकों को झेलने वाली परेशानियों पर खुलकर बात करने के लिए प्रेरित किया।

अपना अनुभव बताते हुए उन्होंने कहा कि एक स्थानीय दुकान में खरीदारी के दौरान एक श्वेत महिला लगातार उनके आसपास घूम रही थी। कुछ देर बाद महिला ने उनके पास आकर उनके शरीर की गंध को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की। महिला ने कहा कि वह ऐसा नहीं करना चाहती थी, लेकिन उन्हें यह बताना जरूरी था कि उनके शरीर से बहुत बदबू आ रही है।

कामाक्षी के मुताबिक, महिला की बात सुनकर वह इतनी हैरान रह गईं कि तत्काल कोई जवाब नहीं दे सकीं। जब तक उन्हें समझ आता कि उनके साथ क्या हुआ है, तब तक महिला वहां से जा चुकी थी।

इस घटना ने उन्हें भावनात्मक रूप से काफी प्रभावित किया। उन्होंने बताया कि वह जिस परफ्यूम का इस्तेमाल करती हैं, वही उनके पिता भी लगाते हैं। ऐसे में उस परफ्यूम को लेकर की गई टिप्पणी उनके लिए और भी ज्यादा तकलीफदेह थी। घटना के बाद वह पूरे दिन असहज रहीं और लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित होने से बचने की कोशिश करती रहीं।

कामाक्षी ने यह भी कहा कि ऑक्सफोर्ड में नस्लीय भेदभाव का सामना करना उनके लिए कोई नया अनुभव नहीं है। उनके अनुसार, सार्वजनिक जगहों पर होने वाली नस्लीय टिप्पणियों से लेकर प्रतिष्ठित संस्थानों में नस्लवाद को बढ़ावा मिलने तक, यह समस्या कई स्तरों पर मौजूद है।

हालांकि, इन घटनाओं के बावजूद उन्होंने अपनी सांस्कृतिक पहचान और आत्मसम्मान से समझौता नहीं करने की बात कही। कामाक्षी ने बताया कि वह अपनी भारतीय संस्कृति से जुड़े पहनावे और परंपराओं को पहले की तरह अपनाती रहेंगी। उन्होंने कहा कि वह आज भी देसी कपड़े पहनती हैं, झुमके और बिंदी लगाती हैं और अपने पिता वाला परफ्यूम इस्तेमाल करती हैं।

अपने संदेश के आखिर में उन्होंने एक दोस्त की कही बात दोहराई कि संघर्ष और असफलताओं के बावजूद हर दिन दुनिया को थोड़ा और अपना बनाने की कोशिश जारी रखनी चाहिए।

इस बीच, भारत ने ब्रिटेन में रह रहे भारतीय नागरिकों और समुदाय की सुरक्षा, संरक्षा तथा कल्याण सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई है।