Breaking News

फ्रांस में दंगों के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, 2,700 लोग हिरासत में लिए गए     |   तिब्बत में 7 की तीव्रता वाले भीषण भूकंप से भारी तबाही, 16 लोगों की मौत, 32 घायल     |   टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: कोटा से दबोचे गए तीन आरोपियों से कड़ी पूछताछ     |   हरियाणा में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल का बड़ा असर, कई कंपनियां और दफ्तर बंद     |   बिहार-यूपी समेत 4 राज्यों की 28 MLC सीटों पर वोटिंग जारी     |  

जून में मारुति, हुंदै, टाटा मोटर्स की बिक्री में गिरावट, महिंद्रा ने दर्ज की वृद्धि

Delhi: वाहन विनिर्माता मारुति सुजुकी और हुंदै मोटर इंडिया की बिक्री जून, 2025 में दो अंक में घटी है। इस दौरान टाटा मोटर्स की बिक्री में भी गिरावट आई है। हालांकि, महिंद्रा एंड महिंद्रा ने सालाना आधार पर बिक्री में वृद्धि दर्ज की है। मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) ने मंगलवार को बयान में कहा कि डीलर को भेजे गये कुल घरेलू यात्री वाहन पिछले महीने 13 प्रतिशत घटकर 1,18,906 इकाई रहे, जबकि एक साल पहले इसी महीने में यह आंकड़ा 1,37,160 इकाई था। 

कंपनी की कुल बिक्री जून महीने में सालाना आधार पर छह प्रतिशत घटकर 1,67,993 इकाई रही। देश की सबसे बड़ी कार विनिर्माता कंपनी ने बीते साल जून में कुल 1,79,228 वाहन बेचे थे। 

कंपनी के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राहुल भारती ने कहा, ‘‘यात्री वाहनों की बिक्री में नरमी का कारण काफी हद तक छोटे आकार की कारों की मांग में भारी गिरावट है। ऐतिहासिक रूप से, यात्री वाहनों की बिक्री जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) वृद्धि के 1.5 गुना की दर से बढ़ती थी। लेकिन अब, 6.5 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि के बाद भी, कार बाजार लगभग स्थिर है।’’ 

हुंदै मोटर इंडिया लिमिटेड (एचएमआईएल) ने बयान में कहा, घरेलू बाजार में उसकी थोक बिक्री जून में 12 प्रतिशत घटकर 44,024 इकाई रह गई, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 50,103 इकाई थी। जून, 2024 के 14,700 इकाई के मुकाबले पिछले महीने निर्यात 16,900 इकाई रहा। 

कंपनी की जून में कुल बिक्री सालाना आधार पर छह प्रतिशत घटकर 60,924 इकाई रह गई। जून, 2024 में कंपनी की कुल बिक्री 64,803 इकाई रही थी। एचएमआईएल के पूर्णकालिक निदेशक एवं मुख्य परिचालन अधिकारी तरुण गर्ग ने बयान में कहा, ‘‘ भू-राजनीतिक स्थिति घरेलू बाजार की धारणा को प्रभावित कर रही है।’’ 

देश की प्रमुख वाहन कंपनी टाटा मोटर्स की जून में कुल घरेलू थोक बिक्री 12 प्रतिशत घटकर 65,019 इकाई रह गई। जून, 2024 में कंपनी ने 74,147 वाहन बेचे थे। टाटा मोटर्स ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि घरेलू बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों सहित यात्री वाहनों की बिक्री जून में 15 प्रतिशत घटकर 37,083 इकाई रह गई, जबकि एक साल पहले इसी महीने में यह 43,524 इकाई थी। 

घरेलू बाजार में कुल वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री पिछले वर्ष जून के 30,623 इकाई से 12 प्रतिशत घटकर 27,936 इकाई रह गई। टाटा मोटर्स पैसेंजर वेहिकल्स के प्रबंध निदेशक शैलेश चंद्रा ने कहा, ‘‘ भविष्य में समग्र उद्योग की वृद्धि धीमी रहने के आसार हैं लेकिन टाटा मोटर्स अपनी नई पेशकशों के दम पर हैचबैक और एसयूवी सहित सभी क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए अच्छी स्थिति में है। साथ ही हम ईवी खंड में गति को बनाए रखेंगे।’’ 

महिंद्रा एंड महिंद्रा की जून में कुल बिक्री सालाना आधार पर 14 प्रतिशत बढ़कर 78,969 इकाई हो गई। कंपनी ने मंगलवार को बयान में कहा कि यात्री वाहन खंड में पिछले महीने घरेलू बाजार में उसके यूटिलिटी वाहनों की बिक्री 18 प्रतिशत बढ़कर 47,306 इकाई हो गई, जो जून, 2024 में 40,022 इकाई थी। 

एमएंडएम ने कहा कि घरेलू तिपहिया वाहनों की बिक्री 8,454 इकाई रही, जो पिछले साल जून में बेची गई 6,180 इकाई की तुलना में 37 प्रतिशत अधिक है। जून में कुल निर्यात सालाना आधार पर एक प्रतिशत बढ़कर 2,634 इकाई हो गया।