दिल्ली के सरिता विहार इलाके में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, नोएडा की ओर से आ रहे एक मध्यम आकार के डंपर ने रोड नंबर-13 पर खड़ी क्रेन और Safe City Project के कर्मचारियों से भरे ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसा करीब सुबह 3:20 बजे सरिता विहार थाना क्षेत्र में हुआ। उस समय कर्मचारी Safe City Project के तहत CCTV लगाने का काम कर रहे थे।
हादसे में 3 लोगों की मौत
पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 23 वर्षीय उमेश, 35 वर्षीय प्रवीण और 34 वर्षीय सूरज के रूप में हुई है। उमेश और प्रवीण संगम विहार के रहने वाले थे। वहीं, सूरज HR मैनेजर के तौर पर काम करते थे। पुलिस उनके नियोक्ता से उनके बारे में अन्य जानकारी जुटा रही है।
हादसे में आकाश (20), अनूप (26) और खेम सिंह (40) घायल हुए हैं। आकाश और अनूप संगम विहार के रहने वाले हैं, जबकि खेम सिंह रोहिणी के निवासी हैं। एक अन्य कर्मचारी सुधीर, जो संगम विहार का रहने वाला है, हादसे में बाल-बाल बच गया और उसे कोई चोट नहीं आई।
डंपर चालक मौके से फरार
पुलिस ने हादसे में शामिल वाहन की पहचान मध्यम आकार के डंपर के रूप में की है। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया और फिलहाल उसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है।