Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

गृह मंत्री अमित शाह राज्य चुनावों से पहले दो दिवसीय बंगाल दौरे पर

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दो दिवसीय दौरे के लिए 30 जनवरी को पश्चिम बंगाल पहुंचेंगे। वह इस दौरान बैरकपुर में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) कार्यकर्ताओं के एक सम्मेलन को संबोधित करेंगे और सिलीगुड़ी में एक सरकारी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। अमित शाह का राज्य का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में इस साल अप्रैल-मई में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले तैयारियां तेज कर दी हैं। यह एक महीने में अमित शाह का राज्य का दूसरा दौरा होगा। इससे पहले, उन्होंने पिछले साल 30-31 दिसंबर को पार्टी संगठन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों और सार्वजनिक आयोजनों में हिस्सा लेने के लिए कोलकाता का दौरा किया था।

बीजेपी की पश्चिम बंगाल इकाई के एक नेता ने बताया, ‘‘शाह शुक्रवार रात कोलकाता पहुंचेंगे और शनिवार को पार्टी के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सबसे पहले, वह बैरकपुर में बीजेपी कार्यकर्ताओं की एक बैठक में हिस्सा लेंगे और फिर उत्तर बंगाल के लिए उड़ान भरेंगे, जहां उन्हें भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के एक कार्यक्रम में शामिल होना है।’’

नेता के मुताबिक, सिलीगुड़ी में भी बीजेपी कार्यकर्ताओं की बैठक होने की संभावना है, लेकिन अभी तक इस बारे में अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।शाह के शुक्रवार रात 8:05 बजे कोलकाता हवाई अड्डे पर पहुंचने और रात में न्यू टाउन के एक होटल में रुकने की उम्मीद है। शुक्रवार शाम के लिए आधिकारिक तौर पर घोषित कोई सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं है, लेकिन शाह संगठन से जुड़े मुद्दों और चुनावी रणनीति पर चर्चा करने के लिए राज्य के वरिष्ठ बीजेपी नेताओं के साथ बंद कमरे में बैठकें कर सकते हैं।

अमित शाह शनिवार सुबह बैरकपुर के आनंदपुरी मैदान में एक कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे, जिसमें बोंगांव, बसीरहाट, बारासात और बैरकपुर के कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है। दक्षिण बंगाल में कार्यक्रम के बाद गृहमंत्री शाह कोलकाता से सिलीगुड़ी के बागडोगरा के लिए उड़ान भरेंगे, जहां वह एक सरकारी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।