Breaking News

विपक्ष के भारी हंगामे के चलते संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही सोमवार तक स्थगित     |   नेपाल में सांप्रदायिक तनाव के बीच भारत-नेपाल रेल सेवा अगले आदेश तक बंद     |   भरत तिवारी पर गोली चलाने वाला STF जवान अरेस्ट, एनकाउंटर मामले में बड़ा एक्शन     |   CWG 2026: लवप्रीत सिंह ने जीता सिल्वर, 1 किलो से गोल्ड चूके     |   CWG 2026: सीमा ने 58.65 मीटर थ्रो के साथ भारत को दिलाया ब्रॉन्ज मेडल     |  

गुजरात के सूरत में तूफान का हाई अलर्ट, NDRF और SDRF स्टैंडबाय पर

बंगाल की खाड़ी से उठे तूफान के गुजरात की ओर बढ़ने की आशंका के बीच सूरत में सरकारी मशीनरी को हाई अलर्ट पर रखा गया है। खराब मौसम और संभावित नुकसान को देखते हुए राज्य प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सूरत नगर निगम आयुक्त एम. नागराजन ने बताया कि क्षेत्र के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि गुजरात सरकार ने 31 जुलाई को सूरत शहर और जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र की ओर से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

आयुक्त ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आपदा राहत दलों को रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया गया है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी अलर्ट मोड पर हैं और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त टीमों को तुरंत तैनात किया जा सकता है। तेज हवाओं से होने वाले जान-माल के नुकसान को रोकने के लिए सूरत नगर निगम ने भी अभियान शुरू किया है। शहर में 150 होर्डिंग और 100 खतरनाक पेड़ों को हटाया गया है। इसके अलावा हाई-मास्ट टावरों को भी सुरक्षित किया गया है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए शेल्टर होम भी खोले गए हैं।

अहमदाबाद मौसम विभाग के अनुसार, 31 जुलाई से 1 अगस्त तक गुजरात में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, 31 जुलाई को गुजरात क्षेत्र में कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, डीप डिप्रेशन आज सुबह 8:30 बजे पश्चिम-मध्य छत्तीसगढ़ और उससे सटे विदर्भ तथा दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर केंद्रित था। इसके अगले 12 घंटों के दौरान लगभग पश्चिम दिशा में बढ़ने और कमजोर होकर डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। इसके बाद यह विदर्भ और दक्षिण मध्य प्रदेश से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है।

वहीं, मानसून ट्रफ सक्रिय है और अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर स्थित है। इसके अलावा, मध्य और उससे सटे उत्तर प्रायद्वीपीय भारत में करीब 21 डिग्री उत्तरी अक्षांश के आसपास एक पूर्व-पश्चिम शियर जोन भी बना हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान गुजरात क्षेत्र और सौराष्ट्र-कच्छ में कुछ स्थानों पर बारिश दर्ज की गई है।