केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को अहमदाबाद के त्रागड़ क्षेत्र में गणेश हाउसिंग द्वारा विकसित ‘मिलियन माइंड्स टेक पार्क’ का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना गुजरात को सेवा क्षेत्र में बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे और गुरुग्राम जैसे शहरों की बराबरी करने में मदद करेगी। करीब 1,100 करोड़ रुपये के निवेश से बने इस टेक पार्क में 13.5 लाख वर्ग फुट कार्यक्षेत्र विकसित किया गया है। अमित शाह ने बताया कि पहले चरण में ही यहां लगभग 9,000 उच्च कौशल वाले पेशेवर काम करेंगे।
उन्होंने कहा, “अब समय आ गया है कि गुजरात सेवा क्षेत्र में भी देश के शीर्ष 1, 2 या 3 राज्यों में शामिल हो। अहमदाबाद को नई तकनीक और सेवाओं के क्षेत्र में मजबूत पहचान दिलाने के लिए ऐसे टेक पार्क बेहद महत्वपूर्ण हैं।” अमित शाह ने बताया कि यह परियोजना सात चरणों में विकसित की जाएगी। अगले पांच वर्षों में इसमें कुल 15,000 करोड़ रुपये का निवेश होने का अनुमान है और 65 एकड़ क्षेत्र में 63,000 से अधिक उच्च मूल्य वाले रोजगार सृजित होंगे।
अमित शाह ने त्रागड़ क्षेत्र के विकास को याद करते हुए कहा कि जब वे 1997 में पहली बार विधायक बने थे, तब यहां बस और ट्रेन जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं थीं। उन्होंने कहा “आज त्रागड़ का विकास देखकर मन को अत्यंत संतोष मिलता है।” गृह मंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डीप टेक आने वाले समय की अर्थव्यवस्था के प्रमुख स्तंभ हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत उभरते क्षेत्रों में वैश्विक नेतृत्व स्थापित कर रहा है।
अमित शाह ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद से गुजरात ने देश के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा, “मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि जिस तरह का सुनियोजित औद्योगिक विकास गुजरात में हुआ है, वैसा देश के किसी अन्य राज्य में नहीं हुआ।” उन्होंने गणेश हाउसिंग समूह को इस दूरदर्शी परियोजना के लिए बधाई देते हुए इसे गुजरात के तकनीकी और सेवा क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया।