Breaking News

भारत के दो दिवसीय दौरे पर जर्मन चांसलर, अहमदाबाद में पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज से अहमदाबाद में मुलाकात करेंगे। मर्ज की यह भारत की पहली आधिकारिक यात्रा होगी। मोदी और जर्मनी के चांसलर सोमवार को साबरमती आश्रम का दौरा करेंगे और साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव में भाग लेंगे, जिसके बाद गांधीनगर के महात्मा मंदिर में द्विपक्षीय बैठकें होंगी। दोनों नेता भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे, जिसने हाल ही में 25 वर्ष पूरे किए हैं।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के एक बयान के अनुसार, ‘‘उनकी चर्चा व्यापार और निवेश, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, कौशल विकास और आवागमन में सहयोग को और अधिक मजबूत करने पर भी केंद्रित होगी। साथ ही रक्षा और सुरक्षा, विज्ञान, नवाचार और अनुसंधान, हरित और सतत विकास और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने पर भी ध्यान केंद्रित करेगी।’’

प्रधानमंत्री मोदी और चांसलर मर्ज क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे और दोनों देशों के व्यापार और उद्योग जगत के प्रमुखों के साथ बातचीत करेंगे। मर्ज़ 12 और 13 जनवरी को भारत की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे।