Breaking News

मनी लॉन्ड्रिंग: ED ने पैनकार्ड क्लब्स और अन्य की ₹646.58 करोड़ की संपत्ति जब्त की     |   गाजियाबाद के इंदिरापुरम में आग लगने की घटना का मुख्यमंत्री योगी ने संज्ञान लिया     |   UP: मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास ने लखनऊ में अखिलेश यादव से मुलाकात की     |   बीजेपी ने उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा की नई प्रदेश टीम का ऐलान किया     |   PM मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से की बात, बहादुरी की सराहना     |  

मंगलुरु में MRPL प्लांट में धमाके के बाद लगी आग, 8 लोग घायल

कर्नाटक के मंगलुरु में मंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (MRPL) के प्लांट में बुधवार को धमाके के बाद भीषण आग लग गई। घटना के बाद प्लांट से काफी ऊंचाई तक धुआं उठता दिखाई दिया और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस कमिश्नर सुधीर कुमार रेड्डी के मुताबिक, हाइड्रो सल्फर ट्रीटमेंट यूनिट में जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद आग लग गई। इस घटना में 8 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

एक घायल अस्पताल में भर्ती

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि घायलों में राजेश नाम के एक व्यक्ति को प्लांट से श्रीनिवास अस्पताल ले जाया गया। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस कमिश्नर, डिप्टी कमिश्नर और कंपनी के CEO समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

वहीं बीजेपी विधायक भरत शेट्टी ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार धमाका प्लांट के अंदर मौजूद किसी स्टीमर या प्रेशर इक्विपमेंट की वजह से हुआ हो सकता है। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी की मौत की सूचना नहीं है।

धमाके के असर से आसपास भी नुकसान

विधायक के मुताबिक, करीब 9 लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि एक व्यक्ति को शरीर के करीब 30 प्रतिशत हिस्से में झुलसने की चोट बताई गई है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि धमाके के झटके से प्लांट के सामने स्थित एक इमारत की फॉल्स सीलिंग और कांच की खिड़कियां टूटकर लोगों पर गिर गईं, जिससे कई लोगों को चोटें आईं।

धमाके की आवाज और उसका असर करीब 2 से 4 किलोमीटर के दायरे में महसूस किया गया। आसपास के गांवों और पंचायतों से घरों के शीशे और छत की टाइलें टूटने की शिकायतें मिली हैं। कुछ स्कूलों की इमारतों में भी दरारें आने की जानकारी सामने आई है। प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।