Breaking News

मनी लॉन्ड्रिंग: ED ने पैनकार्ड क्लब्स और अन्य की ₹646.58 करोड़ की संपत्ति जब्त की     |   गाजियाबाद के इंदिरापुरम में आग लगने की घटना का मुख्यमंत्री योगी ने संज्ञान लिया     |   UP: मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास ने लखनऊ में अखिलेश यादव से मुलाकात की     |   बीजेपी ने उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा की नई प्रदेश टीम का ऐलान किया     |   PM मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से की बात, बहादुरी की सराहना     |  

खेत से बाजार तक बदलेगा किसानों का सफर, ट्रेड शो में ब्रांडिंग और डिजिटल बिक्री का मंत्र

खेती के साथ अब किसानों को अपनी उपज की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और डिजिटल बिक्री पर भी ध्यान देने की जरूरत बताई जा रही है, ताकि उन्हें बाजार में अपनी फसल का बेहतर मूल्य मिल सके। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में सोमवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों को बाजार की बदलती जरूरतों और कारोबार के नए तरीकों की जानकारी दी गई।

एक्सपो मार्ट में आयोजित पश्चिम मैदानी कृषि जलवायु क्षेत्र के किसान मेले में मेरठ मंडल समेत पश्चिमी यूपी के सात जिलों के प्रगतिशील किसानों ने हिस्सा लिया। मेले में विशेषज्ञों ने किसान उत्पादक संगठन (FPO) के जरिए सामूहिक खरीद-बिक्री, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और बड़े खरीदारों तक सीधी पहुंच बनाने के तरीकों की जानकारी दी।

एफपीओ से घटेगी लागत, बढ़ेगी बाजार में ताकत

कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम के तहत आयोजित किसान मेले का शुभारंभ संयुक्त कृषि निदेशक (गुणवत्ता नियंत्रण) एवं एफपीओ के नोडल अधिकारी संतोष राय और संयुक्त कृषि निदेशक मेरठ मंडल स्मिता वर्मा ने किया। अधिकारियों ने कृषि गोष्ठी में हिस्सा लेने के साथ मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉल का भी अवलोकन किया। मेले में मेरठ, बुलंदशहर, गाजियाबाद, हापुड़, बागपत, शामली और मुजफ्फरनगर के प्रगतिशील और उपलब्धि हासिल करने वाले किसान शामिल हुए।

परियोजना निदेशक (तकनीकी) नीरज सुव्रत ने एफपीओ के जरिए किसानों को बाजार से जोड़ने की संभावनाओं पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसान समूह बनाकर अपनी उपज को एक जगह एकत्र करने के साथ उसकी पैकेजिंग और ब्रांडिंग कर सकते हैं। इससे बड़े खरीदारों और बाजारों तक पहुंच बनाने में मदद मिल सकती है।

किसानों को एफपीओ के माध्यम से बीज, खाद, कीटनाशक और कृषि यंत्रों की सामूहिक खरीद के फायदे भी बताए गए। थोक में खरीद से लागत कम करने और सामूहिक बिक्री से बाजार में सौदेबाजी की क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया गया। एफपीओ से होने वाले लाभ में संगठन के विकास के लिए हिस्सा रखने और सदस्यों को लाभांश देने की व्यवस्था की जानकारी भी दी गई।

ऑनलाइन बाजार तक पहुंचेगी किसानों की उपज

किसान मेले में डिजिटल कारोबार पर भी चर्चा हुई। ओएनडीसी के उपाध्यक्ष प्रवीन चौधरी ने बताया कि एफपीओ ई-कॉमर्स के माध्यम से अपने उत्पादों को ऑनलाइन स्टोरफ्रंट पर सीधे ग्राहकों तक पहुंचा सकते हैं। उन्होंने डिजिटल भुगतान, ऑनलाइन प्रचार और आपूर्ति व्यवस्था जैसी सुविधाओं के इस्तेमाल की जानकारी दी। इससे किसान समूह अपने उत्पादों की बाजार पहुंच बढ़ा सकते हैं।

सिद्धार्थ गौतम ने किसानों को उपज का बेहतर मूल्य हासिल करने और उत्पादन लागत कम करने के उपाय बताए। उन्होंने सामूहिक रूप से बीज, खाद, कीटनाशक और कृषि यंत्र खरीदने तथा उपज की सामूहिक बिक्री के फायदे समझाए।

कृषि योजनाओं की भी दी जानकारी

उप कृषि निदेशक गौतमबुद्धनगर विवेक दुबे ने जिले में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं और किसानों के हित में किए गए कार्यों की प्रगति प्रस्तुत की। उन्होंने विभिन्न जिलों से आए प्रगतिशील किसानों का आभार जताते हुए कृषि की तकनीकी जानकारी के साथ बाजार की नई व्यवस्थाओं को समझने और अपनाने पर जोर दिया।

ट्रेड शो में आयोजित यह किसान मेला पश्चिमी यूपी के किसानों के लिए खेती से आगे बढ़कर उपज की पैकेजिंग, ब्रांडिंग, प्रसंस्करण और बिक्री की पूरी प्रक्रिया को समझने का मंच बना। एफपीओ को किसानों को उत्पादन से लेकर बाजार और बड़े खरीदारों तक जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में प्रस्तुत किया गया।