Breaking News

गोवा से दिल्ली आ रही IndiGo की फ्लाइट का इंजन फेल     |   SCO समिट में 30 से ज्यादा अहम दस्तावेजों पर मुहर, AI से ऊर्जा सुरक्षा तक कई समझौते     |   राम मंदिर के पहले CEO के चयन की प्रक्रिया तेज, 3 सदस्यीय कमेटी ने सौंपी रिपोर्ट     |   संभल शाही जामा मस्जिद सर्वे विवाद पर SC में सुनवाई टली, अब 8 सितंबर को होगी सुनवाई     |   BRICS 2026 कारकेड रिहर्सल को लेकर दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी     |  

भारत-न्यूजीलैंड विश्व कप फाइनल के लिए प्रशंसकों की भारी भीड़, हवाई किराए 10 गुना तक बढ़े

Ind- NZ:  पूरे देश से क्रिकेट प्रशंसक नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईसीसी क्रिकेट विश्व कप का फाइनल देखने के लिए अहमदाबाद पहुंच रहे हैं, जिसके चलते अहमदाबाद के हवाई किराए में सामान्य दरों से लगभग दस गुना बढ़ोतरी हुई है।

शहर के ट्रैवल एजेंट मनीष शर्मा के अनुसार मुंबई, बेंगलुरु और नई दिल्ली जैसे प्रमुख महानगरों से आने वाली उड़ानें इस बहुचर्चित मुकाबले से पहले लगभग पूरी तरह से बुक हो चुकी हैं। शर्मा ने बताया, “मुंबई, बेंगलुरू और दिल्ली से अहमदाबाद आने वाली सभी उड़ानें पूरी तरह से बुक हैं।”

उन्होंने बताया कि मुंबई-अहमदाबाद रूट पर आमतौर पर 1,500 से 3,500 रुपये के बीच रहने वाले किराए में अचानक भारी उछाल आया है और ये बढ़कर लगभग 15,000 से 17,000 रुपये तक पहुंच गया है। बेंगलुरू से अहमदाबाद के टिकट लगभग 14,000 रुपये में बिक रहे हैं, जबकि नई दिल्ली से आने वाली उड़ानों का किराया लगभग 13,000 रुपये है।

शहर भर के होटलों में भी कीमतों में भारी उछाल देखने को मिल रहा है, फाइनल से पहले कमरों की बढ़ती मांग के चलते कई होटल अपने सामान्य किराए से दो से तीन गुना अधिक किराया वसूल रहे हैं। शर्मा ने कहा, “अधिकांश होटल पहले ही पूरी तरह बुक हो चुके हैं और बचे हुए होटल अपने सामान्य किराए से दो या तिगुने दाम वसूल रहे हैं।”

उन्होंने बताया कि मांग में ये उछाल शहर में पहले आयोजित हुए बड़े मैचों की तुलना में कहीं अधिक है, जो फाइनल को लेकर जनता के बढ़े हुए उत्साह को दर्शाता है। शर्मा ने कहा, “इस बार दीवानगी कुछ ज्यादा ही है और इस उछाल का कारण यात्रा की बढ़ती मांग, कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाओं के बाद चल रही स्कूल की छुट्टियों और फाइनल मुकाबले को लेकर लोगों की दिलचस्पी एक बड़ा कारण है।”

शर्मा ने आगे कहा कि मुंबई और अहमदाबाद के बीच चलने वाली विशेष ट्रेनों ने उन प्रशंसकों को कुछ राहत दी है, जो हवाई यात्रा नहीं कर पा रहे हैं, खासकर महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में समर्थक मैच देखने के लिए आ रहे हैं। मैच का दिन नजदीक आने के साथ ही अहमदाबाद में यात्रा और आवास की मांग लगातार ऊंची बनी हुई है, जो विश्व कप फाइनल को लेकर उमड़ रहे उत्साह को दर्शाती है।