फिल्म 'वाराणसी' के मेकर्स ने महेश बाबू का फर्स्ट लुक पोस्टर जारी किया। फिल्म में महेश बाबू रुद्र का किरदार निभाएंगे। फिल्म के डायरेक्टर एस. एस. राजामौली हैं और इसमें महेश बाबू के साथ अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनस और पृथ्वीराज सुकुमारन भी नजर आएंगे। ये फिल्म सात अप्रैल, 2027 को रिलीज होगी। फिल्म की कहानी 512 ईस्वी के एक ऐसे समुदाय के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसके पास एक प्राचीन रहस्य है, जो दुनिया को बचा सकता है।
फिल्म की कहानी के अनुसार, 2027 ईस्वी में ‘शंभवी’ नामक एक क्षुद्रग्रह पृथ्वी से टकराता है, जिससे भीषण तबाही मच जाती है। इसी दौरान, कुंभा (पृथ्वीराज) नाम का एक लालची वैज्ञानिक एक खास चीज (आर्टिफैक्ट) को हासिल करने की कोशिश में पैरालाइज्ड हो जाता है। रविवार को राजामौली ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्टर शेयर किया, जिसमें अभिनेता जंगल के माहौल में बांस की बनी नाव (राफ्ट) पर आराम करते हुए दिख रहे हैं। इसके बाद किए गए पोस्ट में उन्हें अफ्रीका के बैकग्राउंड में दिखाया गया।
कैप्शन में लिखा था, "सिर्फ आक्रामक होना ही उनका एकमात्र रूप नहीं है... #Varanasi में रुद्र। @urstrulyMahesh" ‘वाराणसी’ का संगीत एम. एम. कीरवाणी ने तैयार किया है, जिन्हें राजामौली की पिछली फिल्म ‘आरआरआर’ के लिए ऑस्कर पुरस्कार मिल चुका है। फिल्म का निर्माण श्री दुर्गा आर्ट्स और शोइंग बिजनेस ने किया है।