Breaking News

BRICS 2026 कारकेड रिहर्सल को लेकर दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी     |   मुंबई में महंगाई का डबल अटैक... महंगी हुई CNG-PNG, ऑटो और काली-पीली टैक्सी का किराया भी बढ़ा     |   हिमाचल: नालागढ़ पुलिस स्टेशन IED ब्लास्ट केस में 3 और गिरफ्तार, NIA के शिकंजे में अब 6 आरोपी     |   यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूसी एयर स्ट्राइक, 3 की मौत; 5 घायल     |   होर्मुज स्ट्रेट में टैंकर पर हमला, 3 अज्ञात प्रोजेक्टाइल से टकराने की खबर     |  

राष्ट्रपति मुर्मू के ओडिशा दौरे के दौरान जगन्नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रहेगी रोक

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो फरवरी को पुरी दौरे पर आने वाली है। इस दौरे के दौरान वो पुरी के जगन्नाथ मंदिर में भी दर्शन करने जाएंगी। इस दौरान दो घंटे से ज्यादा समय तक मंदिर आम जनता के लिए बंद रहेगा। श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) ने राष्ट्रपति के पुरी शहर और मंदिर के दौरे के लिए अपने मुख्य प्रशासक अरबिंद पाधी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की।

अरबिंद पाधी ने बताया कि मुर्मू तीन फरवरी की शाम को पुरी पहुंचेंगी। वो अगले दिन सुबह श्वेता गंगा तालाब में पूर्वजों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए 'पिंडदान' अनुष्ठान करेंगी और फिर लगभग 7:40 बजे 12वीं शताब्दी के इस मंदिर के दर्शन करेंगी। पाधी ने बताया, “श्री जगन्नाथ मंदिर प्रबंधन समिति (एसजेटीएमसी) के अध्यक्ष गजपति महाराजा दिब्यसिंह देब और अन्य अधिकारी सिंह द्वार पर राष्ट्रपति का स्वागत करेंगे। वे देवताओं के दर्शन करेंगी और उनका मंदिर दर्शन सुबह 8:20 बजे तक समाप्त होने की संभावना है।”

देब पुरी के नाममात्र के राजा हैं, जबकि एसजेटीएमसी मंदिर की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था है। राष्ट्रपति के दर्शन के दौरान सुरक्षा और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए मंदिर में सुबह छह बजे से लगभग 8:30 बजे तक दर्शन अस्थायी रूप से बंद रहेंगे। अधिकारी ने बताया कि भक्त सुबह छह बजे से पहले भी देवताओं के दर्शन कर सकते हैं क्योंकि मंदिर का द्वार सुबह चार बजे खुल जाएगा।

मंदिर परिसर के भीतर अनुष्ठान करने वाले विशिष्ट सेवकों को पास जारी किए जाएंगे और वो राष्ट्रपति के पास जाएंगे। राष्ट्रपति दो फरवरी से शुरू होने वाले छह दिवसीय ओडिशा दौरे पर हैं, जिसके दौरान वे खुर्दा, जाजपुर, बालासोर, पुरी और मयूरभंज जिलों में अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी।