दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने कहा कि सरकार ने मौजूदा इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) नीति को 31 मार्च, 2026 तक बढ़ा दिया है। इसका कारण नई नीति के मसौदे पर लोगों से सुझाव लिए जाएंगे, जिसमें समय लगने की संभावना है। पंकज सिंह ने कहा कि नीति का विस्तार मंगलवार को आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक के लिए सूचीबद्ध मामलों में से एक था और इसे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘मौजूदा इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) नीति को 31 मार्च, 2026 तक या नई नीति को मंजूरी मिलने तक, जो भी पहले हो, बढ़ा दिया गया है।’’
मंत्री ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य नागरिकों, उद्योग विशेषज्ञों, निजी संगठनों और पर्यावरण समूहों सहित सभी संबंधित पक्षों के साथ व्यापक परामर्श को सुविधाजनक बनाना है। पंकज सिंह ने कहा कि इस विस्तारित अवधि के दौरान, नीति के प्रमुख प्रावधानों पर चर्चा की जाएगी। इसमें ईवी चार्जिंग बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, ईवी की स्वीकार्यता को बढ़ावा देने के लिए सब्सिडी और छूट की समीक्षा करना, सुरक्षित ई-कचरे और बैटरी निपटान के लिए मजबूत व्यवस्था विकसित करना और इलेक्ट्रिक वाहन परिवेश को आगे बढ़ाने में सार्वजनिक और निजी क्षेत्रों की भूमिका को स्पष्ट रूप से परिभाषित करना शामिल है। वर्तमान ईवी नीति को पहली बार 2020 में आम आदमी पार्टी के शासन के दौरान पेश किया गया था। इसकी अवधि अगस्त, 2023 में समाप्त हो गई। तब से इस नीति की मियाद को कई बार बढ़ाया जा चुका है।
दिल्ली सरकार ने मौजूदा इलेक्ट्रिक वाहन नीति को अगले साल मार्च तक बढ़ाया
You may also like
उत्तराखंड: CM धामी ने 307 युवाओं को दिए नियुक्ति पत्र, स्वास्थ्य और उद्यान विभाग को मिली मजबूती.
AI के साथ चैट भी अब Incognito मोड में, WhatsApp लाया नया प्राइवेसी फीचर.
शेयर बाजार सूचकांक गुरुवार को बढ़त के साथ बंद, एक प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी.
CM विष्णुदेव साय ने की अमित शाह के साथ उच्चस्तरीय बैठक, ‘बस्तर विकास मॉडल’ पर हुई चर्चा.