Breaking News

केरलम में पिनाराई विजयन को बड़ी जिम्मेदारी, निर्विरोध चुने गए विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष     |   बिहार ब्लैकआउट: पटना समेत 6 जिलों में शाम 7:15 बजे तक 'बत्ती गुल'     |   दिल्ली: राहुल गांधी ने 10 जनपथ पर तमिलनाडु के कांग्रेस विधायकों से मुलाकात की     |   नीट यूजी पेपर लीक मामले में सीबीआई ने आरोपी की 7 दिन की पुलिस कस्टडी मांगी     |   श्रीलंका में होने वाली ODI ट्राई सीरीज के लिए इंडिया 'ए' टीम का ऐलान हुआ     |  

दिल्ली: संजय भंडारी मामले में ईडी के समक्ष पेश हुए कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के पति और कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा ब्रिटेन में स्थित हथियार सलाहकार संजय भंडारी से जुड़े धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश हुए। रॉबर्ट वाड्रा का बयान धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दर्ज किया जाएगा। रॉबर्ट वाड्रा (56) को जांच एजेंसी ने पिछले महीने बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया था, लेकिन उन्होंने विदेश यात्रा के कारण अपने समन को स्थगित करने का अनुरोध किया था।

केंद्रीय जांच एजेंसी तीन अलग-अलग धन शोधन मामलों में रॉबर्ट वाड्रा से पूछताछ कर रही है, जिनमें से एक मामला ये भी है। बाकी दो मामले जमीन सौदों में कथित अनियमितताओं से जुड़े हैं। दिल्ली आयकर विभाग ने 63 साल के संजय भंडारी के खिलाफ छापे मारे थे, जिसके तुरंत बाद 2016 में वह लंदन भाग गया। दिल्ली की एक अदालत ने उसे हाल में भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया है। ब्रिटेन की एक अदालत ने पिछले महीने भारत सरकार के उस आवेदन को अस्वीकार कर दिया था जिसमें उसने भंडारी के खिलाफ प्रत्यर्पण मामले में उसे बरी किए जाने के खिलाफ ब्रिटेन के उच्चतम न्यायालय में अपील करने की अनुमति मांगी थी।

इस आवेदन के साथ ही उसे कानून का सामना करने के लिए भारत लाए जाने की संभावना लगभग समाप्त हो गई थी। ईडी ने इस मामले में 2023 में एक आरोपपत्र दाखिल किया था जिसमें आरोप लगाया गया था कि भंडारी ने 2009 में लंदन स्थित 12, ब्रायनस्टन स्क्वायर घर खरीदा था और रॉबर्ट वाड्रा के निर्देशों के अनुसार इसकी मरम्मत कराई थी और मरम्मत के लिए पैसा रॉबर्ट वाड्रा ने दिया था। हालांकि, रॉबर्ट वाड्रा ने इस बात से इनकार किया है कि उनके पास प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से लंदन में कोई संपत्ति है। इन आरोपों को अपने खिलाफ राजनैतिक षड्यंत्र करार देते हुए उन्होंने कहा कि राजनैतिक उद्देश्यों की पूर्ति के लिए उन्हें परेशान किया जा रहा है।