Breaking News

भारत-जापान का संबंध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विश्वास पर आधारित: CM योगी     |   आजम खान के ठिकानों पर ED का बड़ा एक्शन, दिल्ली से लेकर रामपुर-सहारनपुर तक 10 जगहों पर रेड     |   RJD का लोक भवन मार्च आज, कई रास्तों पर आवाजाही रहेगी बंद     |   भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर आज कश्मीर घाटी का करेंगे दौरा     |   FBI की मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल हुआ मेजर सिंह     |  

सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर गरमाई दिल्ली की सियासत, केजरीवाल बोले- ‘यह केस भी फर्जी साबित होगा’

दिल्ली के पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता सत्येंद्र जैन को एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने मंगलवार, 18 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई पिछली दिल्ली सरकार के दौरान दिल्ली जल बोर्ड में कथित भ्रष्टाचार और STP टेंडर से जुड़े मामले में की गई है। गिरफ्तारी के बाद दिल्ली की सियासत गरमा गई है। आम आदमी पार्टी ने इसे राजनीतिक कार्रवाई बताया है, जबकि बीजेपी ने AAP सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं।

सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर AAP के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सत्येंद्र जैन को एक बार फिर बीजेपी ने गिरफ्तार करवाया है। केजरीवाल ने कहा, “सत्येंद्र जैन को एक बार फिर बीजेपी ने गिरफ्तार करवा दिया है। कुछ वक्त पहले इन लोगों ने जेल में डालकर उनकी जो दुर्दशा की थी, वह सबको याद है। पिछला केस भी फर्जी था और यह केस भी फर्जी साबित होगा।”

उन्होंने आगे बीजेपी पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि झूठे आरोप लगाकर लोगों को जेल में डालना कब तक जारी रहेगा। केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी का झूठ एक बार फिर देश के सामने आएगा, लेकिन जेल में बिताए समय और मानसिक प्रताड़ना की भरपाई कौन करेगा। उन्होंने दावा किया कि “बीजेपी के पाप का घड़ा अब भर चुका है” और कहा कि आम आदमी पार्टी तथा देश की जनता सत्येंद्र जैन के साथ मजबूती से खड़ी है।

AAP नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी को लेकर बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि पंजाब चुनाव से ठीक पहले पंजाब के सह-प्रभारी सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया गया है। सिसोदिया ने आरोप लगाया कि बीजेपी पहले भी सत्येंद्र जैन को ढाई साल तक एक फर्जी मामले में जेल में रख चुकी है और अब एक और मामला सामने लाया गया है। उन्होंने कहा कि GenZ आंदोलन, राम मंदिर में चंदे से जुड़े आरोप और E20 जैसे मुद्दों पर घिरी बीजेपी एक बार फिर ED, ACB और CBI के पुराने चुनावी हथकंडे पर उतर आई है।

सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने AAP पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि STP घोटाले और इसमें हुई पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन समेत अन्य लोगों की गिरफ्तारी से कई सवालों के जवाब सामने आए हैं। मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल सरकार के 10 साल के कार्यकाल में एक भी STP नाले पर नहीं लगाया गया, जिसके कारण यमुना और अधिक प्रदूषित हुई। उन्होंने कहा कि ACB की जांच में कथित भ्रष्टाचार से जुड़ी Money Trail सामने आई है। उन्होंने अरविंद केजरीवाल से अपनी सरकार की कथित गलतियों की जिम्मेदारी स्वीकार करने की मांग की।

दिल्ली बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी AAP पर हमला बोला। उन्होंने X पर लिखा कि दिल्ली को लूटने वालों का असली चेहरा अब सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि ACB ने दिल्ली जल बोर्ड के STP टेंडर में कथित गड़बड़ी और भ्रष्टाचार के मामले में सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया है।सचदेवा ने आरोप लगाया कि टेंडर में हेराफेरी और करोड़ों रुपये की कथित रिश्वत जनता के पैसे के साथ धोखा है। उन्होंने कहा, “जिस पानी और साफ-सफाई के नाम पर वोट मांगे गए, उसी में कमीशनखोरी की गई। यही था AAP का ‘ईमानदार’ मॉडल।” उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि AAP सरकार के कथित भ्रष्टाचार के मामले अब जनता के सामने हैं और एक-एक आरोप का जवाब देना होगा।

सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली में एक बार फिर AAP और बीजेपी के बीच राजनीतिक टकराव तेज हो गया है। AAP जहां इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई और फर्जी केस बता रही है, वहीं बीजेपी इसे दिल्ली जल बोर्ड में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई बता रही है। अब इस मामले में ACB की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर सभी की नजरें हैं।