Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

HIL: श्राची बंगाल टाइगर्स ने जेएसडब्ल्यू सूरमा को 3-1 से हराया, जीत के साथ अभियान की शुरुआत

HIL: गत चैंपियन श्राची बंगाल टाइगर्स ने शुक्रवार को चेन्नई में जेएसडब्ल्यू सूरमा क्लब पर 3-1 की शानदार जीत के साथ पुरुषों की हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) अभियान की शुरुआत की। टाइगर्स के लिए सुखजीत सिंह (33वें मिनट), अभिषेक (45वें) और गुरसेवक सिंह (60वें) ने गोल किए जबकि प्रभजोत सिंह (54वें) ने सूरमा के लिए एक गोल किया। पहला क्वार्टर बराबरी का रहा जिसमें दोनों टीमें गोल करने की कोशिश कर रही थीं।

सूरमा ने टाइगर्स के डिफेंस को फैलाने की कोशिश की। लेकिन टाइगर्स तेज ‘काउंटर-अटैक’ पर निर्भर रही। निकोलस पोंसलेट और टॉमी विलेम्स के कुछ अच्छे मूव के बावजूद पहले 15 मिनट में कोई भी टीम मौका नहीं बना पाई। दूसरे क्वार्टर में टाइगर्स ने गेंद पर नियंत्रण करना शुरू कर दिया।

अभिषेक काफी सक्रिय थे और उन्होंने कई पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, लेकिन सूरमा के गोलकीपर विंसेंट वनाश ने कई शानदार बचाव किए जिसमें पहले हाफ के अंत में एक महत्वपूर्ण ‘डबल सेव’ भी शामिल था। तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में टाइगर्स ने आखिरकार गोल किया जब टॉम ग्रामबुश की पेनल्टी-कॉर्नर फ्लिक को सुखजीत सिंह ने 33वें मिनट में चतुराई से गोल में डिफ्लेक्ट कर दिया।

टाइगर्स ने दबाव बनाए रखा और क्वार्टर में अपनी बढ़त दोगुनी कर दी जब अभिषेक ने संयम दिखाते हुए डिफेंडर को चकमा दिया और ताकतवर रिवर्स-स्टिक शॉट लगाया। सूरमा ने आखिरी क्वार्टर में प्रभजोत के 54वें मिनट में किए गए गोल से अंतर कम किया।

टाइगर्स ने फिर से गोल किया। अभिषेक ने गुरसेवक को पास दिया जिन्होंने आखिरी मिनट में गोल करके जीत पक्की कर दी। सुखजीत को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।