Breaking News

प्रधानमंत्री को कैमरे का नहीं, दिल का एंगल बदलना होगा: लोकसभा में बोलीं प्रियंका गांधी     |   पेपर लीक अब पैटर्न बन चुका है: लोकसभा में बोले अभिषेक बनर्जी     |   सरकार का अमृतकाल बना चिंताकाल: लोकसभा में बोले अभिषेक बनर्जी     |   दिल्ली: महिलाओं को रक्षाबंधन पर मिलेंगे ₹2500, लक्ष्मी योजना को कैबिनेट की मंजूरी     |   महाराष्ट्र: आंदोलन में छात्रों पर दर्ज सभी FIR वापस ली जाएंगी     |  

भारी बारिश और भूस्खलन के चलते चारधाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित

भारी बारिश और कई जगहों पर भूस्खलन के कारण यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए चारधाम यात्रा मंगलवार और बुधवार को स्थगित कर दी गई है। गढ़वाल मंडल आयुक्त ने बताया कि मौसम में सुधार होने और यात्रा मार्गों को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।लगातार बारिश के कारण केदारनाथ हाईवे पर मुनकटिया के पास पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने से सड़क बंद हो गई है। सड़क से मलबा हटाने का काम तेजी से चल रहा है और भारी मशीनों की मदद ली जा रही है। जिला प्रशासन यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए जरूरी कदम उठा रहा है।

यात्रा कंट्रोल रूम पूरे हालात पर लगातार नजर रख रहा है। सेक्टर अधिकारियों, पुलिस और सुरक्षा बलों को जरूरी निर्देश दिए जा रहे हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए लगातार अनाउंसमेंट भी किए जा रहे हैं। रुद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि बारिश के कारण कई जगह यात्रा मार्ग बाधित हो सकते हैं। मुनकटिया में सड़क कुछ समय के लिए बंद हुई थी, जिसे तुरंत खोल दिया गया, लेकिन वहां अभी भी पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है। सुरक्षा को देखते हुए यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रुकने की सलाह दी जा रही है। सेक्टर अधिकारी और रेस्क्यू टीमें पूरे रास्ते पर लगातार नजर रख रही हैं।

उन्होंने बताया कि यात्रा कंट्रोल रूम मौसम की चेतावनियों पर भी नजर बनाए हुए है। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर मौजूद दुकानदारों और श्रद्धालुओं को अनाउंसमेंट के जरिए सतर्क किया जा रहा है। वहीं, देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि देहरादून और पहाड़ी जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है। पुलिस टीमें सभी थाना क्षेत्रों में तैनात हैं और संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त कर रही हैं।

पुलिसकर्मी नदी किनारे, नालों और बाढ़ की आशंका वाले इलाकों में लोगों को लाउडस्पीकर के जरिए सतर्क कर रहे हैं। नदी किनारे रहने वाले लोगों को एहतियात के तौर पर सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। इसके अलावा श्रीनगर बांध से पानी छोड़े जाने के बाद ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर बढ़ गया है। इसे देखते हुए पुलिस की टीमें गंगा घाटों पर लगातार गश्त कर रही हैं और लोगों को नदी के पास न जाने की सलाह दे रही हैं।