उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार, 14 सितंबर को उत्तर प्रदेश लोक आयुक्त संगठन के 50वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। गोमतीनगर स्थित लोक आयुक्त कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। समारोह की अध्यक्षता लोक आयुक्त न्यायमूर्ति संजय मिश्रा करेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोक आयुक्त प्रशासन की स्मारिका और सूचना पुस्तिका का विमोचन करेंगे। इसके अलावा समारोह में लोक आयुक्त संगठन की 50 वर्षों की विकास यात्रा और उपलब्धियों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
प्रदर्शनी के जरिए लोक आयुक्त संगठन की स्थापना से लेकर अब तक की कार्यप्रणाली, प्रमुख उपलब्धियों और पांच दशक की विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें संगठन के कामकाज और समय के साथ हुए बदलावों की भी जानकारी दी जाएगी। लोक आयुक्त संगठन के 50वें स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित यह समारोह संगठन की पांच दशक की यात्रा और उसके कामकाज को सामने रखने का अवसर होगा।