मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘जनता दर्शन’ में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर पीड़ित की उचित समस्या का समाधान कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम लोगों की शिकायतों का संवेदनशीलता और तेजी के साथ निस्तारण किया जाए।
सीएम योगी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि हर पात्र व्यक्ति को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले। जरूरतमंद मरीजों के इलाज की समुचित व्यवस्था की जाए और जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले भू-माफिया व दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कुर्सियों पर बैठे लोगों के पास खुद चलकर पहुंचे और उनकी समस्याओं को ध्यान से सुना। उन्होंने एक-एक कर लोगों के प्रार्थना पत्र लिए और संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए जल्द से जल्द संतोषजनक समाधान के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी उचित समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी शिकायत के निस्तारण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। जनता दर्शन में कुछ लोगों ने पुलिस से संबंधित शिकायतें भी मुख्यमंत्री के सामने रखीं। इन शिकायतों पर सीएम योगी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि थाना, चौकी और बीट स्तर पर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने पुलिस आयुक्त, एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसएसपी स्तर के अधिकारियों को मामलों पर गंभीरता से ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले में दोषियों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सीएम योगी ने राजस्व और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों का भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में अभिभावकों के साथ पहुंचे छोटे बच्चों से भी मुख्यमंत्री योगी ने बातचीत की। उन्होंने बच्चों का हालचाल पूछा और उनकी पढ़ाई के साथ-साथ उनकी रुचियों के बारे में भी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने बच्चों से कहा कि मन लगाकर पढ़ाई करें और खेल, संगीत, कला जैसी दूसरी गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। इसके बाद सीएम ने बच्चों को चॉकलेट दी और उनके उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।