उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बांदा में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार बुंदेलखंड को 'धरती का स्वर्ग' बनाएगी और इसे देश का बड़ा औद्योगिक और रक्षा निर्माण (डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग) केंद्र बनाया जाएगा।पंडित जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (BIDA) के जरिए क्षेत्र का तेजी से विकास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, "अब बुंदेलखंड से युवाओं को नौकरी के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। आने वाले समय में देश-दुनिया के लोग यहां रोजगार के लिए आएंगे। यहां डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बन रहा है, जहां ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण होगा।" सीएम योगी ने बताया कि सरकार ने अब तक 64 हजार एकड़ जमीन भू-माफियाओं से मुक्त कराई है। उन्होंने कहा कि करीब साढ़े नौ साल पहले जब वह पहली बार बुंदेलखंड आए थे, तब यहां पानी की कमी, पलायन, खराब सड़कें और माफियाओं का आतंक था। किसान भी अपने खेतों में जाने से डरते थे। लेकिन आज हालात पूरी तरह बदल चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से जुड़ चुका है, खेतों और घरों तक पानी पहुंच रहा है और युवाओं को सरकारी नौकरियां मिल रही हैं।इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार मंदिरों और ऐतिहासिक धरोहरों के विकास पर काम करती है, जबकि पिछली सरकार ने कब्रिस्तानों की चारदीवारी पर ज्यादा ध्यान दिया। उन्होंने यह भी कहा कि बांदा का शजर पत्थर अब 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट (ODOP)' योजना के तहत देश-विदेश में पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बुंदेलखंड में मेडिकल कॉलेज, कृषि विश्वविद्यालय और इंजीनियरिंग कॉलेज जैसी सुविधाएं हैं। उन्होंने कहा कि यह सब अच्छे जनप्रतिनिधियों के चुनाव की वजह से संभव हुआ है। पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी, लेकिन अब विकास और रोजगार पर ध्यान दिया जा रहा है।