Breaking News

गोवा से दिल्ली आ रही IndiGo की फ्लाइट का इंजन फेल     |   SCO समिट में 30 से ज्यादा अहम दस्तावेजों पर मुहर, AI से ऊर्जा सुरक्षा तक कई समझौते     |   राम मंदिर के पहले CEO के चयन की प्रक्रिया तेज, 3 सदस्यीय कमेटी ने सौंपी रिपोर्ट     |   संभल शाही जामा मस्जिद सर्वे विवाद पर SC में सुनवाई टली, अब 8 सितंबर को होगी सुनवाई     |   BRICS 2026 कारकेड रिहर्सल को लेकर दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी     |  

पटना में बनेगा बिहार का पहला गैस आधारित शवदाह गृह, दीघा घाट पर होगा निर्माण

राजधानी पटना में अंत्येष्टि सेवाओं को अधिक सुव्यवस्थित, स्वच्छ और पर्यावरण हितैषी बनाने के लिए दीघा घाट पर प्रदेश का पहला LPG आधारित शवदाह गृह बनाया जाएगा. इसको लेकर पटना नगर निगम एवं ईशा फाउंडेशन की अनुषंगी संस्था ईशा आउटरीच के बीच इस परियोजना को लेकर कॉन्ट्रैक्ट एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किए गए. इस परियोजना के लिए 2.11 एकड़ जमीन मात्र 1 रुपये में 33 वर्षों के लिए लीज पर उपलब्ध कराई गई है.

इस शवदाह गृह में चार एलपीजी फर्नेस, प्रतीक्षालय, प्रशासनिक भवन, मंदिर और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी. राजधानी पटना के अलावा गयाजी, सारण, सहरसा, भागलपुर और बेगूसराय में भी एलपीजी आधारित शवदाह गृह बनाने की योजना है. इसको लेकर पटना की महापौर सीता साहू ने कहा कि इस प्रणाली में पारंपरिक रीति-रिवाजों का ध्यान रखा जाएगा. प्रारंभिक विधियों के बाद एलपीजी से दाह संस्कार होगा, जिसमें सीमित लकड़ी का उपयोग भी किया जाएगा. 

उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से लकड़ी पर निर्भरता कम होगी और अंत्येष्टि प्रक्रिया अधिक स्वच्छ, तेज और व्यवस्थित होगी. साथ ही लोगों को सम्मानजनक और बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी. वहीं नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने बताया कि परियोजना के तहत डिजाइन, निर्माण और रखरखाव की जिम्मेदारी ईशा आउटरीच की होगी.

नगर आयुक्त ने बताया कि दीघा घाट पर बनने वाले इस हाईटेक शवदाह गृह में चार एलपीजी फर्नेस, इंतजारगाह, प्रशासनिक इमारत, जरूरी सहूलियतें, मंदिर और खूबसूरत लैंडस्केपिंग शामिल होगी. इसकी खास बात यह है कि बिहार सरकार ने इस प्रोजेक्ट के लिए 2.11 एकड़ जमीन 33 साल के लिए महज़ 1 रुपये के सांकेतिक किराये पर मुहैया कराई है.