बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिलाओं को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत बिहार की 25 लाख महिलाओं को सोमवार को दस-दस हजार रुपये मिलें हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लाभुक महिलाओं के बैंक खाते में दस-दस हजार हस्तांतरित किए हैं। इसमें करीब 22 लाख ग्रामीण तो तीन लाख शहरी क्षेत्र की महिलाएं हैं। इससे पहले जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी हिमांशु शर्मा ने बताया कि राशि भुगतान की प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं।
मुख्यमंत्री रोजगार योजन के तहत 25 लाख महिलाओं के खाते में 2500 करोड़ रुपये भेजे गए हैं। इसके साथ ही करीब 1.81 करोड़ महिलाओं को रोजगार के लिए पैसा मिल गया है। संकल्प, एक अर्ण मार्ग में आयोजित एक समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिलाओं को यह पैसे भेजे हैं। बताया जा रहा है कि बिहार के सभी जिला मुख्यालयों में जिला पदाधिकारियों की तरफ से जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
महिलाओं के खाते में राशि भेजे जाने वक्त बिहार सरकार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी भी कार्यक्रम में शामिल थे। बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने इस संबंध में कहा कि बिहार देश में पहला राज्य है, जहां नीतीश कुमार ने महिलाओं के पैसे उनके खाते में भेजे है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन महिलाओं के खाते में किसी कारणवश पैसे नहीं जा सके थे उन्हें भी पैसा भेजा गया है। बता दें कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत अब तक एक करोड़ 56 लाख महिलाओं के खाते में दस-दस हजार भेजे जा चुके हैं। यह राशि महिलाओं को रोजगार शुरू करने के लिए दी जा रही है। शहरी क्षेत्र के 12 लाख से अधिक आवेदनों का सत्यापन कार्य चल रहा है।
नगर निकायों के माध्यम से इसका सत्यापन कराया जा रहा है। 15 दिनों में सत्यापन पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद इन महिलाओं के खाते में भी दस-दस हजार भेजे जाएंगे। इस योजना के तहत जिन महिलाओं का रोजगार बेहतर ढंग से चल रहा है, उन्हें सरकार दो लाख तक की अतिरिक्त मदद भी देगी। बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव से कुछ ही वक्त पहले मुख्यमंत्री रोजगार योजना के तहत महिलाओं के खाते में पैसे भेजने की बात कही गई थी और फिर पैसे भेजे भी गए थे।