Breaking News

ईरानी हमले के बाद इजरायल ने एक्टिव किया आयरन डोम     |   ईरान ने दागीं 70 मिसाइलें, हमले के बाद ईजरायल में बज रहा सायरन     |   अमेरिकी नौसेना और वायुसेना ने ईरान पर बोला धावा, युद्धपोत अब्राहम लिंकन से हमला     |   इजरायल के बाद अब ईरान ने भी बंद किया एयरस्पेस     |   हमले के बाद पूर्वी और पश्चिमी तेहरान में काटी गई मोबाइल फोन लाइनें, इंटरनेट कनेक्टिविटी भी वीक     |  

राहुल गांधी ने डबल इंजन सरकार पर बोला हमला, भाजपा को बताया ‘भ्रष्ट जनता पार्टी’

Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को भाजपा को ‘भ्रष्ट जनता पार्टी’ करार दिया और दावा किया कि अलग-अलग राज्यों में उसकी डबल इंजन वाली सरकारों ने भ्रष्टाचार, सत्ता के दुरुपयोग और अहंकार के जहर से लोगों का जीवन बर्बाद कर दिया है। राहुल गांधी ने बीजेपी को निशाना बनाते हुए उत्तराखंड के अंकिता भंडारी हत्याकांड, उत्तर प्रदेश के उन्नाव बलात्कार कांड, इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतों जैसी घटनाओं का जिक्र किया।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने एक पोस्ट में कहा, ‘‘देश भर में ‘भ्रष्ट’ जनता पार्टी की डबल इंजन सरकारों ने जनता की जिंदगी तबाह कर दी है। भ्रष्टाचार के साथ सत्ता का दुरुपयोग और अहंकार का जहर भाजपा की राजनीति में ऊपर से नीचे तक फैल चुका है।’’ कांग्रेस नेता ने कहा कि इनके तंत्र में गरीब, असहाय, मजदूर और मध्यमवर्ग की जिंदगी सिर्फ आंकड़ा है और ‘विकास’ के नाम पर वसूली-तंत्र चल रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘उत्तराखंड में अंकिता भंडारी की निर्मम हत्या ने पूरे देश को झकझोर दिया लेकिन सवाल आज भी वही है: सत्ता का संरक्षण बीजेपी के किस वीआईपी को बचा रहा है? कानून सबके लिए बराबर कब होगा?’’

राहुल गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के उन्नाव कांड में भी पूरा देश देख चुका है कि सत्ता के गुरूर में अपराधियों को कैसे बचाया गया और पीड़िता को न्याय के लिए कितनी कीमत चुकानी पड़ी। उन्होंने दावा किया कि इंदौर में जहरीला पानी पीने से मौतें हों या गुजरात-हरियाणा-दिल्ली तक दूषित आपूर्ति की शिकायतें - हर तरफ बीमारियों का डर है।

कांग्रेस नेता ने कहा,‘‘राजस्थान की अरावली हो या प्राकृतिक संसाधन - जहां-जहां अरबपतियों का लालच और स्वार्थ पहुंचा, वहां-वहां नियमों को कुचल दिया गया। पहाड़ काटे जा रहे हैं, जंगल उजाड़े जा रहे हैं और जनता को बदले में मिल रहा है धूल, प्रदूषण और आपदा।’’

उन्होंने कहा कि खांसी के सिरप से बच्चों की मौतें, सरकारी अस्पतालों में नवजातों को मारते चूहे, सरकारी स्कूलों की गिरती छतें - ये ‘लापरवाही’ नहीं, भ्रष्टाचार की सीधी मार है। राहुल गांधी ने कहा, ‘‘पुल गिरते हैं, सड़कें धंसती हैं, ट्रेन हादसों में परिवार मिट जाते हैं और बीजेपी सरकार हर बार वही करती है: फोटो खिंचवाना, एक्स पर पोस्ट करना और मुआवजे की औपचारिकता।’’

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का ‘डबल इंजन’ चल रहा है - लेकिन सिर्फ अरबपतियों के लिए। आम लोगों के लिए ये भ्रष्टाचार की डबल इंजन सरकार विकास नहीं, तबाही की रफ्तार है- जो हर दिन किसी न किसी की जिंदगी कुचल रहा है।