Breaking News

राजस्थान: जयपुर में छात्रों ने सैनिक परिवारों के लिए ‘वीरसहारा’ AI ऐप लॉन्च किया     |   तमिलनाडु: DMK नेता TR बालू ने CEC को चिट्ठी लिख गृह सचिव के ट्रांसफर पर आपत्ति जताई     |   कांग्रेस ने संसद के विशेष सत्र के लिए लोकसभा सांसदों को 3 लाइन का व्हिप जारी किया     |   नोएडा: सेक्टर 59 की कई फैक्ट्रियों में ताला लगा, काम ठप, कामगार प्रदर्शन में शामिल     |   लैंड फॉर जॉब केस: सुप्रीम कोर्ट ने लालू यादव को ट्रायल कोर्ट के समक्ष पेश होने से छूट दी     |  

‘भूत बंगला’ का ट्रेलर रिलीज, अक्षय कुमार की हॉरर-कॉमेडी में दिखा हंसी और डर का डबल डोज

अक्षय कुमार स्टारर फिल्म ‘भूत बंगला’ का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है, जो प्रियदर्शन के अंदाज में एक मजेदार हॉरर-कॉमेडी की झलक दिखाता है। परेश रावल, राजपाल यादव और दिवंगत अभिनेता असरानी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। यह फिल्म 16 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

करीब 3 मिनट 3 सेकंड के ट्रेलर की शुरुआत ‘वधुसुर’ नाम के एक राक्षस से होती है, जो 1000 साल पहले प्रकट होने के बाद से और भी शक्तिशाली हो गया है। इसके बाद अक्षय कुमार की एंट्री होती है, जो एक आलीशान बंगले को बेचने के इरादे से आते हैं, लेकिन वह बंगला वधुसुर के साये में नजर आता है।

जहां अक्षय इस प्रॉपर्टी को बेचने पर अड़े रहते हैं, वहीं घर में रह रहे लोग अजीबोगरीब और डरावनी घटनाओं का सामना करते हैं। परेश रावल भी अक्षय को इस भूतिया बंगले के बारे में चेतावनी देते नजर आते हैं। अक्षय कुमार, परेश रावल, राजपाल यादव और असरानी के बीच की केमिस्ट्री दर्शकों को ‘भूल भुलैया’ और ‘फिर हेरा फेरी’ जैसी फिल्मों की याद दिलाती है, जिसमें जबरदस्त कॉमिक टाइमिंग और स्लैपस्टिक कॉमेडी देखने को मिलती है। ट्रेलर के अंत में अक्षय कुमार का वधुसुर के साथ आमना-सामना भी दिखाया गया है।

फिल्म में तब्बू, वामिका गब्बी और मिथिला पालकर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। खास तौर पर तब्बू का किरदार एक सरप्राइज एलिमेंट के रूप में सामने आता है, जो कहानी में हास्य और रहस्य का नया आयाम जोड़ता है। बालाजी मोशन पिक्चर्स ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर ट्रेलर शेयर करते हुए लिखा, “वेलकम टू भूत बंगला... यहां ना तो लोग नॉर्मल हैं और ऊपर से बंगला भी पैरानॉर्मल है। एंटर एट योर ओन रिस्क।” यह फिल्म बालाजी मोशन पिक्चर्स (बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड का एक डिवीजन) और केप ऑफ गुड फिल्म्स के सहयोग से प्रस्तुत की गई है। फिल्म का निर्माण अक्षय कुमार, शोभा कपूर और एकता आर कपूर ने किया है।