रैपर और सिंगर बादशाह और अभिनेत्री ईशा रिखी ने अपनी शादी खत्म होने की आधिकारिक जानकारी दी है। दोनों ने सोमवार रात अपने-अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर बयान शेयर कर बताया कि वे आपसी सहमति से अलग होने का फैसला कर चुके हैं। दोनों की शादी मार्च 2026 में हुई थी और शादी के करीब पांच महीने बाद यह घोषणा सामने आई है। बादशाह और ईशा रिखी ने अपने बयान में लोगों से उनकी निजता का सम्मान करने और उनके रिश्ते को लेकर किसी तरह की अटकलें न लगाने की अपील की है।
बादशाह ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, “मैं और ईशा रिखी आपसी सहमति से अलग होने और अपनी-अपनी राह पर आगे बढ़ने का फैसला कर चुके हैं। यह फैसला आपसी सम्मान के साथ लिया गया है। हम सभी से अनुरोध करते हैं कि इस समय हमारी प्राइवेसी का सम्मान करें।” उन्होंने आगे कहा कि इस मामले में यह उनका एकमात्र बयान है और लोगों से रिश्ते को लेकर आगे किसी तरह की अटकलें या अनुमान न लगाने की अपील की।
ईशा रिखी ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लगभग यही बयान शेयर किया। उन्होंने भी कहा कि दोनों ने आपसी सहमति और सम्मान के साथ अलग होने का फैसला किया है। बादशाह और ईशा रिखी की शादी मार्च 2026 में हुई थी। हालांकि, दोनों ने अपनी शादी की जानकारी सार्वजनिक रूप से बाद में साझा की थी। ईशा ने जून में अपनी शादी की पुष्टि की थी। इसके बाद जुलाई में दोनों के रिश्ते में अनबन की खबरें सामने आने लगी थीं। ईशा रिखी के कुछ सोशल मीडिया पोस्ट के बाद इन चर्चाओं को और हवा मिली।
27 जुलाई को ईशा रिखी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की थी, जिसमें उन्होंने लिखा था कि कुछ लड़ाइयां ऐसी होती हैं जिनके निशान दिखाई नहीं देते। उन्होंने पोस्ट में अपने डर और मुश्किल दौर का जिक्र करते हुए कहा था कि वह लंबे समय तक चुप रहीं, क्योंकि उन्हें लगता था कि चुप रहना ही सबसे सुरक्षित रास्ता है। उन्होंने लिखा था कि “चुप रहना कभी भी सहमति नहीं था, बल्कि यह परिस्थितियों से बचने का एक तरीका था।”
ईशा ने यह भी कहा था कि वह पूरी कहानी बताने के लिए अभी तैयार नहीं हैं, लेकिन अब वह यह दिखावा करना बंद करना चाहती हैं कि सब कुछ ठीक था। बादशाह की यह दूसरी शादी थी। इससे पहले उनकी शादी जैस्मीन मसीह से हुई थी, लेकिन दोनों का 2020 में तलाक हो गया था। अब ईशा रिखी के साथ उनकी शादी भी करीब पांच महीने बाद खत्म हो गई है।