Breaking News

अमित शाह 30 अक्टूबर 2026 को लखनऊ के दौरे पर रहेंगे     |   प्रयागराज जिले में कक्षा 6 से 12 तक के स्कूल 30 अक्टूबर को रहेंगे बंद     |   कर्नाटक कैबिनेट ने नंदिनी दूध की कीमतों में 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की     |   दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने आवास पर करवा चौथ मनाया     |   पाकिस्तान में एंबुलेंस के अंदर ऑक्सीजन सिलेंडर फटा, महिला समेत 10 लोगों की मौत     |  

BSE के CEO हुए 'डीपफेक' वीडियो का शिकार, निवेशकों को किया गया आगाह

Mumbai: प्रमुख शेयर बाजार बीएसई ने सोमवार को निवेशकों को सोशल मीडिया मंच पर अपने सीईओ का एक 'डीपफेक' वीडियो प्रसारित होने के प्रति सतर्क रहने की चेतावनी दी है। इस वीडियो में सीईओ को शेयरों की सिफारिश और निवेश की सलाह देते हुए दिखाया गया है। शेयर बाजार ने कहा कि यह वीडियो अनधिकृत और धोखाधड़ीपूर्ण है और उसके अधिकारियों को किसी भी प्रकार के शेयर के बारे में सलाह देने की अनुमति नहीं है।

शेयर बाजार ने एक बयान में कहा, ''बीएसई लिमिटेड के संज्ञान में आया है कि सोशल मीडिया और मैसेजिंग मंच पर एक धोखाधड़ी वाला 'डीपफेक' वीडियो प्रसारित किया जा रहा है। इसमें बीएसई के प्रबंध निदेशक और सीईओ सुंदररामन राममूर्ति को गलत तरीके से पेश करते हुए शेयर सिफारिशें और निवेश सलाह देने का दावा किया गया है।''

शेयर बाजार के मुताबिक, इस वीडियो में भ्रामक और झूठे दावे किए गए हैं, जिनमें मुख्य रूप से वर्ष 2026 में निवेश के लिए शेयर सुझाव देने और असाधारण मुनाफे के वादे किए जा रहे हैं। साथ ही दर्शकों को एक व्हाट्सएप चैनल से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

बीएसई ने यह भी बताया कि ''आपके पास 2027 तक 80 लाख रुपये होंगे'' जैसे बयान इसी मनगढ़ंत सामग्री का हिस्सा हैं। बीएसई ने कहा कि शेयर बाजार सोशल मीडिया मंच से इस फर्जी सामग्री को हटवाने और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई शुरू करने के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है। शेयर बाजार ने स्पष्ट किया कि प्रसारित हो रहा वीडियो पूरी तरह से नकली, अनधिकृत और 'डीपफेक' तकनीक का उपयोग करके बनाया गया है।

उसने साफ किया कि न तो राममूर्ति और न ही बीएसई का कोई अधिकारी, आधिकारिक रूप से या व्यक्तिगत क्षमता में शेयर सुझाव या निवेश की सिफारिशें देता है और न ही व्हाट्सएप, टेलीग्राम या इसी तरह का कोई समूह संचालित करता है। इससे पहले अप्रैल में भी बीएसई और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) ने अपने सीईओ के शेयर सिफारिशें देने वाले 'डीपफेक' वीडियो के खिलाफ निवेशकों को आगाह किया था।