Breaking News

दिल्ली में मॉनसून की दस्तक, IMD ने दी जानकारी     |   मुंबई मानसून अपडेट: ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर थमी रफ्तार, कुर्ला-सायन जाम     |   पूर्वोत्तर में बाढ़ से भारी तबाही, मल्लिकार्जुन खड़गे ने जताया दुख     |   केतन मर्डर केस: पुलिस ने आरोपी सिया के लाई डिटेक्टर टेस्ट की कोर्ट से मांगी मंजूरी     |   दिल्ली: तृणमूल कांग्रेस के 10 विधायक आज EC से मिलेंगे, ऋतब्रत बनर्जी करेंगे नेतृत्व     |  

हाथरस में BLO की अचानक मौत, परिवार ने काम के तनाव को बताया वजह

उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सिकंदराराऊ कस्बे में एक बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) की मंगलवार सुबह अपने आवास पर बेहोश होकर गिर जाने से मौत हो गई। मृतक कमलकांत शर्मा (40) सिकंदराराऊ के ब्राह्मणपुरी मोहल्ले के निवासी थे और कम्पोजिट विद्यालय नवली लालपुर में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे तथा बीएलओ का कार्यभार भी संभाल रहे थे।

बीएलओ के परिवार का आरोप है कि वह काम से संबंधित गंभीर तनाव में थे। बीएलओ के परिजनों के अनुसार, घर की ऊपरी मंजिल से नीचे आकर चाय पीते समय उन्हें अचानक चक्कर आया और वह गिर पड़े। बीएलओ को इलाज के लिए ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कमलकांत शर्मा के पुत्र विनायक ने बताया कि उनके पिता बीएलओ ड्यूटी से संबंधित कार्यभार के कारण कई दिनों से परेशान थे। विनायक ने कहा, ‘‘सुबह करीब सात बजे वह चाय पीने नीचे आए और अचानक बेहोश हो गए। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।’’

घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद जिलाधिकारी अतुल वत्स शोक संतप्त परिवार से मिलने पहुंचे। बीएलओ की मौत को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद ही सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन शर्मा की पत्नी को नौकरी देने पर विचार करेगा। जिलाधिकारी ने कहा, ‘‘वह एक ईमानदार कर्मचारी थे और अपने कर्तव्यों का अच्छी तरह से पालन करते थे।’’