केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार को पश्चिम बंगाल के दौरे पर आ रहे हैं. वह मायापुर के इस्कॉन मंदिर में एक विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगे. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं का कहना है कि इस बार अमित शाह का बंगाल में कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है. अमित शाह बुधवार को दोपहर 1:35 बजे विशेष विमान से कोलकाता एयरपोर्ट पर उतरेंगे. इसके बाद वह बीएसएफ के हेलीकॉप्टर से सीधे नदिया जिले के मायापुर रवाना हो जाएंगे. अमित शाह दोपहर 2:25 बजे से शाम 4:25 बजे तक इस्कॉन के कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद वहां से कोलकाता एयरपोर्ट लौटेंगे और दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे.
अमित शाह सबसे पहले इस्कॉन के शंखभवन और फिर पद्मभवन जाएंगे. इस दौरान उनकी संतों के साथ एक खास बैठक होने की संभावना है. इसके बाद गृह मंत्री श्रील भक्तिसिद्धांत सरस्वती ठाकुर की 152वीं जयंती में शामिल होंगे. मंदिर परिसर के अंदर, गृह मंत्री इस्कॉन के संस्थापक एसी भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे. मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने से पहले भगवान नरसिंह, चैतन्य महाप्रभु और राधा-माधव के मंदिरों में पूजा-अर्चना सहित अन्य अनुष्ठानों में भाग लेंगे.
अमित शाह इससे पहले 31 जनवरी को पश्चिम बंगाल के दौरे पर आए थे. उन्होंने उत्तर 24 परगना के बैरकपुर के आनंदपुरी मैदान और उसके बाद सिलीगुड़ी में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया था. हालांकि, इस बार अमित शाह के आधिकारिक कार्यक्रम में पार्टी से जुड़ी किसी बैठक या राजनीतिक कार्यक्रम का कोई जिक्र नहीं है. गृह मंत्री के दौरे की वजह से नदिया जिला प्रशासन और पुलिस पहले से ही हाई अलर्ट है. मंदिर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है.