केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को असम दौरे के दौरान गुवाहाटी में नवनिर्मित प्रागज्योतिषपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने गोलाघाट और तिनसुकिया कैंसर सेंटर का भी उद्घाटन किया। इसके अलावा अमित शाह ने दीफू, जोरहाट और बारपेटा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों में सुपर-स्पेशियलिटी अस्पतालों की आधारशिला वर्चुअल माध्यम से रखी। उन्होंने गुवाहाटी के सिक्समाइल में ‘स्वास्थ्य भवन’ और अभयापुरी जिला अस्पताल की भी आधारशिला रखी।
दिन में बाद में अमित शाह खानापारा (गुवाहाटी) के वेटरनरी कॉलेज मैदान में आयोजित भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के ‘युवा शक्ति समरोह’ में भी हिस्सा लेंगे। इससे पहले शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिलांग-सिलचर कॉरिडोर का भूमि पूजन किया, जो पूर्वोत्तर भारत का पहला एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड चार लेन हाई-स्पीड कॉरिडोर होगा।
करीब 166 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर लगभग 22,860 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इससे मेघालय और असम के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और गुवाहाटी से सिलचर की दूरी और यात्रा समय में काफी कमी आएगी। इस परियोजना के पूरा होने के बाद गुवाहाटी से सिलचर की यात्रा का समय 8.5 घंटे से घटकर लगभग 5 घंटे रह जाएगा, जिससे क्षेत्र में आर्थिक विकास और सीमा पार व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने सिलचर में एनएच-306 पर कैपिटल पॉइंट के पास ट्रंक रोड से रंगिरखारी पॉइंट तक एलिवेटेड कॉरिडोर (फेज-1) का भी भूमि पूजन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह उन ताकतों की “कठपुतली” की तरह काम कर रही है, जो भारत के तेज विकास को स्वीकार नहीं कर पा रहीं।
उन्होंने कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध जैसे हालात बने हुए हैं, लेकिन सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है कि देश के नागरिकों को कम से कम परेशानी हो और युद्ध का असर भारत पर कम पड़े। इसी बीच चुनाव आयोग आज शाम 4 बजे चुनावी राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। इस बार पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, असम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव होने हैं। असम की 126 विधानसभा सीटों पर मुख्य मुकाबला बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार और कांग्रेस के बीच होने की संभावना है।