केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की बहस की चुनौती स्वीकार कर ली। उन्होंने राहुल गांधी को संसद में किसी भी ठोस मुद्दे पर चर्चा करने का न्योता दिया। अमित शाह ने कहा कि अगर विपक्ष के पास तथ्यों, तर्कों और गंभीर मुद्दों के साथ चर्चा करने की इच्छा है, तो वह संसद में आए।
हरियाणा के करनाल में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान आयोजित रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बहस की चुनौती दे रहे हैं। अगर वे एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) जैसे मुद्दे पर चर्चा चाहते हैं, तो प्रधानमंत्री को पत्र लिखें। सरकार संसद का विशेष सत्र बुलाने के लिए तैयार है।
संसद में चर्चा के लिए तैयार है सरकार
गृह मंत्री ने विपक्ष की रैलियों को राजनीतिक दिखावा बताते हुए कहा कि सरकार संसद में हर मुद्दे पर चर्चा करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि इसके लिए कांग्रेस नेतृत्व को संवैधानिक प्रक्रिया के तहत औपचारिक अनुरोध करना चाहिए।
अमित शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि संसद में चर्चा के दौरान उन्हें सवालों के जवाब भी सुनने होंगे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा विपक्ष को उसके सवालों का जवाब देने के लिए तैयार है।
हर स्तर पर जवाब देगी भाजपा
अमित शाह ने कहा कि भाजपा संसद से लेकर विधानसभा, गांव और खेतों तक विपक्ष का मुकाबला करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि 80 साल पुराने लोकतंत्र को विपक्ष अपने भ्रम और आरोपों से कमजोर नहीं कर सकता।
उन्होंने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा राहुल गांधी और विपक्ष को मजबूत जवाब देने के लिए आयोजित की गई है। अमित शाह ने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ता हर स्तर पर विपक्ष की राजनीति का जवाब देंगे।
सीएम नायब सिंह सैनी ने किया स्वागत
करनाल पहुंचने पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने अमित शाह का स्वागत किया। मुख्यमंत्री सैनी भी पदयात्रा में शामिल हुए। राज्यभर में चल रहे इस अभियान में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।