Breaking News

अमेरिकी झटके के बावजूद ग्रीन में खुला शेयर बाजार, सेंसेक्स-निफ्टी में उछाल     |   दिल्ली में 10 अक्टूबर के प्रोटेस्ट ने बढ़ाई व्यापारियों की चिंता, कहा- नई गाइडलाइंस जारी करे सरकार     |   ओडिशा: एंबुलेंस में लगी आग, एक मरीज की मौत, दो गंभीर रूप से जख्मी     |   IIT बॉम्बे कैंपस में गैस लीकेज से भड़की आग, 2 बच्चों समेत 5 घायल     |   आज आएंगे पांच विधानसभा और एक लोकसभा उपचुनाव के नतीजे     |  

Himachal: विधानसभा के बजट सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक, BJP की ओर से जयराम और सुखराम हुए शामिल

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के 10 मार्च से शुरू होने वाले बजट सत्र से पहले रविवार को शिमला में सर्वदलीय बैठक हुई। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में नेता विपक्ष जयराम ठाकुर, बीजेपी विधायक दल के मुख्य सचेतक सुखराम चौधरी, संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान और उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया शामिल हुए।

बजट सत्र की शुरुआत 10 मार्च को राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला के अभिभाषण से होगी। 17 मार्च को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपना तीसरा बजट पेश करेंगे, जिस पर 26 मार्च को मतदान होगा। विधानसभा सचिवालय को कुल 963 सवाल मिले हैं, जिनमें 737 तारांकित प्रश्न शामिल हैं। स्पीकर पठानिया ने बताया की सत्र में राज्यपाल के अभिभाषण, राज्य बजट और अनुदानों की मांगों पर चर्चा होगी।

बैठक में कई प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई, जिसमें नियम 62 के तहत नौ ध्यानाकर्षण प्रस्ताव, नियम 130 के तहत दस और नियम 101 के तहत पांच प्रस्ताव शामिल थे। पिछले बजट सत्र के दौरान बीजेपी सदस्यों के आचरण के बारे में पूछे जाने पर स्पीकर पठानिया ने कहा कि ये मामला सदन से संबंधित है और उचित समय पर निर्णय लिए जाएंगे।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र महत्वपूर्ण होने वाला है, जिसमें राज्य के वित्तीय मामलों और अन्य विधायी मुद्दों पर महत्वपूर्ण चर्चा और निर्णय लिए जाएंगे।