Breaking News

होर्मुज अब अमेरिका का नया इलाका: राष्ट्रपति ट्रंप     |   सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की फांसी देकर मौत की सजा के खिलाफ दायर PIL     |   विनोद तावड़े को यूपी बीजेपी की कमान, सतीश पूनिया पंजाब के बने प्रभारी     |   CM योगी का विपक्ष पर निशाना, बोले- ये पैसा लूटते थे और विदेश में जमा करवाते थे     |   यूपी ATS का बड़ा एक्शन, जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा एक संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार     |  

पीएम मोदी, गंभीर, हरभजन ने अंशुमान गायकवाड़ को दी श्रद्धांजलि, कहा- वे जेन्टलमैन थे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने पूर्व क्रिकेटर अंशुमान गायकवाड़ को जेन्टलमैन के तौर पर याद किया है। गायकवाड़ का कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद बुधवार रात को निधन हो गया।अंशुमन गायकवाड़ ने भारतीय क्रिकेट को खिलाड़ी, कोच और सेलेक्टर के तौर पर अपनी सेवाएं दीं। गायकवाड़ ने भारत की तरफ से 40 टेस्ट और 15 वनडे मैच खेले।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गायकवाड़ के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय क्रिकेट में बहुत बड़ा योगदान दिया है। पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा,‘‘अंशुमन गायकवाड़ जी को क्रिकेट में उनके योगदान के लिए याद किया जाएगा। वे एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी और बेहतरीन कोच थे। उनके निधन से दुख हुआ। उनके परिवार और प्रशंसकों के लिए संवेदना। ओम शांति।’’

भारतीय क्रिकेट टीम की वनडे सीरीज के लिए श्रीलंका गए हेड कोच गौतम गंभीर ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, ‘‘अंशुमन गायकवाड़ जी के निधन की खबर से दुखी हूं। भगवान उनके परिवार और प्रियजनों को शक्ति दे।’’ पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह के गायकवाड़ के साथ बहुत अच्छे संबंध थे। उन्होंने 1998 में जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था तब गायकवाड टीम इंडिया के कोच थे। 

हरभजन ने कहा,‘‘अंशुमन गायकवाड़ का निधन दिल तोड़ने वाली खबर है। उनके कोच रहते हुए टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू की मेरे साथ सुखद यादें जुड़ी हैं। वे वास्तव में जेन्टलमैन थे। उनके निधन से भारतीय क्रिकेट को बड़ा नुकसान पहुंचा है। उनकी आत्मा को शांति मिले। परिवार के लिए संवेदना।’’ 

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा,‘‘अंशुमान गायकवाड़ जी के निधन से गहरा दुख हुआ, एक महान क्रिकेटर, जिनके क्रिकेट कौशल ने भारतीय क्रिकेट का गौरव बढ़ाया। दुख की इस घड़ी में उनके परिजनों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं। ओम शांति।’’ 

बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने बयान में कहा,‘‘अंशुमन गायकवाड़ का निधन क्रिकेट समुदाय के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्हें भारतीय क्रिकेट के एक सच्चे सेवक, उनके साहस, ज्ञान और खेल के प्रति समर्पण के लिए याद किया जाएगा। खेल में उनका योगदान अहम रहा है और वे अपने पीछे एक विरासत छोड़ गए हैं।’’

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रमीज़ राजा ने भी गायकवाड़ को श्रद्धांजलि देते हुए कहा,‘‘अंशुमान गायकवाड़ के निधन से बहुत दुखी हूं। एक मिलनसार, विनम्र सज्जन व्यक्ति। वे मेरे दिवंगत भाई के दोस्त थे, जिससे मैं उनका प्रशंसक बन गया। कैंसर के खिलाफ बहादुरी से लड़े और अपनी बल्लेबाजी की तरह अपना सब कुछ झोंक दिया।’’