मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर खंडाला घाट खंड में एक गैस टैंकर के पलट जाने से रात भर यातायात बाधित रहा जिससे सैकड़ों वाहन फंसे रहे और दोनों मार्गों पर भारी जाम लग गया। दुर्घटनास्थल के पास कई वाहन घंटों तक फंसे रहे और 12 घंटे से अधिक समय तक रहे इस यातायात संकट के दौरान महिलाओं और बच्चों सहित यात्रियों को भोजन, पानी और शौचालय की सुविधा नहीं मिल पाई। राजमार्ग यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि जब तक सामान्य यातायात व्यवस्था बहाल नहीं हो जाती तब तक वे एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने से बचें।
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे भारत का पहला छह लेन का चौड़ा टोल एक्सप्रेसवे है। 94.5 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे मुंबई, रायगढ़ और नवी मुंबई को पुणे से जोड़ता है। एक्सप्रेसवे नियंत्रण कक्ष के अनुसार मंगलवार शाम करीब पांच बजे मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर टैंकर पलट गया। घटना रायगढ़ जिले में अदोशी सुरंग के पास हुई जब तेज गति से चल रहा टैंकर ढलान के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया।
दुर्घटना के तुरंत बाद टैंकर से गैस का रिसाव होने लगा जिससे वाहन चालकों में दहशत फैल गई। टैंकर में प्रोपलीन गैस भरी हुई थी जो अत्यधिक ज्वलनशील होती है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने मुंबई की ओर के यातायात को तुरंत बंद कर दिया। दुर्घटना के कारण मुंबई की ओर जाने वाले वाहनों को लगभग दो किलोमीटर तक पुणे की ओर जाने वाले मार्ग की ओर भेज दिया गया था।
टैंकर से लगातार गैस रिसाव के कारण सामान्य आवागमन बहाल नहीं हो सका जिसके परिणामस्वरूप पुणे जाने वाले यातायात सहित अन्य वाहन 12 घंटे से अधिक समय तक फंसे रहे और मार्ग पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। इस जाम का वाहन चालकों पर गंभीर असर पड़ा और कई यात्री घंटों तक फंसे रहे। महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की बस के एक कंडक्टर ने मध्यरात्रि के आसपास बताया कि उनका वाहन दुर्घटनास्थल के पास छह घंटे से अधिक समय तक खड़ा रहा जिससे यात्रियों को भोजन, पानी और शौचालय की सुविधा नहीं मिल पाई।
कई वाहन चालकों ने सोशल मीडिया पर अपनी निराशा व्यक्त की। कुछ लोगों ने एक्सप्रेसवे को ‘‘पार्किंग स्थल’’ बताया और दूसरों को सलाह दी कि जब तक आवश्यक नहीं हो, यात्रा करने से बचें। यातायात जाम के कारण पुणे जाने वाले वाहन चालकों को भी असुविधा हुई। महाराष्ट्र राजमार्ग यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को सलाह दी है कि सामान्य यातायात व्यवस्था बहाल होने तक लोग मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने से बचें।
महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (एमएसआरडीसी) के प्रवक्ता द्वारा साझा किए गए राजमार्ग यातायात पुलिस के एक बयान के अनुसार मुंबई की ओर जाने वाले कॉरिडोर पर अदोशी सुरंग के पास खंडाला घाट खंड में टैंकर पलट गया। दुर्घटना के बाद टैंकर से अत्यधिक ज्वलनशील गैस का रिसाव हुआ और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों ने युद्धस्तर पर घटनास्थल पर काम किया। बयान में कहा गया है कि वाहनों और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुंबई की ओर का मार्ग बंद कर दिया गया था जिसके कारण एक्सप्रेसवे के मुंबई और पुणे दोनों ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात जाम हो गया।
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर गैस टैंकर पलटा, रात भर फंसी रहीं गाड़ियां
You may also like
कनॉट प्लेस में मामूली कहासुनी बनी जानलेवा, हेलमेट से हमले में युवक की मौत.
हितेश गुलिया और प्रीति की अगुवाई में भारतीय मुक्केबाजों की शानदार शुरुआत.
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर गैस टैंकर पलटा, रात भर फंसी रहीं गाड़ियां.
अमेरिका में 500 अरब डॉलर का निवेश करेगा भारत, US-India ट्रेड डील को लेकर व्हाइट हाउस ने दिया बयान.