Breaking News

ब्रेंट क्रूड की कीमत फिर 100 डॉलर के पार, 7 हफ्ते बाद आया उछाल     |   अकृति चौधरी की NSA हिरासत रद्द करने के HC फैसले को SC में चुनौती देगी UP सरकार     |   देश के सात रेलवे प्रोजेक्ट अब फोर ट्रैक होंगे, कैबिनेट ने दी मंजूरी     |   बहन-बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाई तो जगह या तो जेल होगी या जहन्नुम: CM योगी     |   मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला, 7 रेलवे प्रोजेक्‍ट्स को मिली 4 लेन की मंजूरी, अब देर नहीं होंगी ट्रेनें     |  

वजन घटाने के चक्कर में कॉलेज छात्रा की मौत, सोशल मीडिया पर वीडियो देख खाया ' बोरेक्स

तमिलनाडु में वजन घटाने के लिए सोशल मीडिया पर एक वीडियो में बताए गए तरीके के अनुसार ‘वेंकारम’ (बोरेक्स) का सेवन करने के बाद स्नातक की प्रथम वर्ष की एक कॉलेज छात्रा की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय छात्रा कलैयारसी दिहाड़ी मजदूर वेल मुरुगन (51) और विजयलक्ष्मी की पुत्री थी और नरिमेडु स्थित एक प्रमुख निजी महिला कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। वे सेलूर के मीनाम्बलपुरम इलाके की कामराज क्रॉस स्ट्रीट में रहती थी। पुलिस ने बताया कि वजन कुछ ज्यादा होने के कारण कलैयारसी अक्सर वजन घटाने से जुड़े उपाय तलाशती रहती थी।

पिछले सप्ताह उसने ‘वजन घटाने और छरहरी काया के लिए वेंकारम’ शीर्षक वाला एक यूट्यूब वीडियो देखा और 16 जनवरी को कीझामासी स्ट्रीट के थर्मुट्टी इलाके के पास स्थित दवा की एक दुकान से ये पदार्थ खरीदा। कलैयारसी ने 17 जनवरी को वीडियो में बताए गए तरीके से इसका सेवन किया, जिसके बाद उसे उल्टी और दस्त होने लगे। उसकी मां उसे मुनिसलाई स्थित एक निजी अस्पताल ले गई, जहां इलाज के बाद उसे घर भेज दिया गया। हालांकि, उसी शाम लक्षण दोबारा उभरे और पास के एक अन्य अस्पताल में इलाज के बाद घर लौटने पर उसने तेज पेट दर्द और मल में खून आने की शिकायत की।

पुलिस के अनुसार, रात करीब 11 बजे उल्टी और दस्त की स्थिति गंभीर हो गई, जिसके बाद पड़ोसियों की मदद से उसे सरकारी राजाजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। सेलूर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।