Breaking News

मनी लॉन्ड्रिंग: ED ने पैनकार्ड क्लब्स और अन्य की ₹646.58 करोड़ की संपत्ति जब्त की     |   गाजियाबाद के इंदिरापुरम में आग लगने की घटना का मुख्यमंत्री योगी ने संज्ञान लिया     |   UP: मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास ने लखनऊ में अखिलेश यादव से मुलाकात की     |   बीजेपी ने उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा की नई प्रदेश टीम का ऐलान किया     |   PM मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से की बात, बहादुरी की सराहना     |  

योगी सरकार में युवाओं के लिए सरकारी नौकरी के 520 अवसर, खेल और युवा कल्याण विभाग में भर्ती शुरू

उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए सरकारी सेवाओं में भर्ती के नए अवसर सामने आए हैं। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने खेल और युवा कल्याण विभाग से जुड़े 520 पदों पर भर्ती के लिए दो अलग-अलग मुख्य परीक्षाओं के विज्ञापन जारी किए हैं। इनमें खेल निदेशालय के 108 पद और युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल से जुड़े 412 पद शामिल हैं। दोनों भर्तियों में अभ्यर्थियों की मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्टिंग प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (PET)-2025 के नार्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर की जाएगी।

खेल निदेशालय में 108 पदों पर भर्ती

UPSSSC ने विज्ञापन संख्या 22-परीक्षा/2026 के तहत खेल निदेशालय मुख्य परीक्षा के लिए 108 रिक्त पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। विज्ञापन 30 सितंबर 2026 को प्रकाशित हुआ।

इस भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया 14 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। अभ्यर्थी 4 नवंबर 2026 तक पंजीकरण, शुल्क जमा करने और ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। शुल्क समायोजन और आवेदन में अनुमन्य संशोधन की अंतिम तिथि 11 नवंबर 2026 है।

युवा कल्याण विभाग में 412 पद

विज्ञापन संख्या 23-परीक्षा/2026 के तहत क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी तथा व्यायाम प्रशिक्षक के कुल 412 पदों पर भर्ती होगी।

इनमें:

  • क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी – 368 पद

  • व्यायाम प्रशिक्षक – 44 पद

इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 16 अक्टूबर 2026 से शुरू होंगे। आवेदन, पंजीकरण और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 6 नवंबर 2026 है। शुल्क समायोजन और आवेदन में अनुमन्य संशोधन की अंतिम तिथि 13 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।

PET-2025 में शामिल अभ्यर्थी ही कर सकेंगे आवेदन

दोनों मुख्य परीक्षाओं के लिए वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने संबंधित पद की अनिवार्य अर्हता पूरी करने के साथ PET-2025 में प्रतिभाग किया हो और आयोग की ओर से स्कोर कार्ड जारी किया गया हो।

मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग PET-2025 के नार्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर मेरिट के अनुसार होगी। केवल शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों को ही मुख्य परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

आयोग के अनुसार PET-2025 में वास्तविक या नार्मलाइज्ड स्कोर में शून्य अथवा उससे कम/नकारात्मक अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट नहीं किया जाएगा।

UI और प्रोविजनल अभ्यर्थियों के लिए भी प्रावधान

PET-2025 के परिणाम में आयोग स्तर से Under Investigation (UI) और प्रोविजनल के रूप में चिन्हित अभ्यर्थियों को भी संबंधित मुख्य परीक्षाओं में आवेदन की औपबंधिक अनुमति दी गई है। हालांकि, ऐसे अभ्यर्थियों की मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्टिंग और आगे की चयन प्रक्रिया आयोग की जांच के परिणाम और अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी।

अंतिम तिथियों का रखें ध्यान

आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अंतिम तिथि के बाद आवेदन या शुल्क स्वीकार नहीं किया जाएगा। अभ्यर्थियों को बैंक के माध्यम से शुल्क समायोजन की प्रक्रिया भी तय समयसीमा के भीतर पूरी करनी होगी। शुल्क समायोजन के बाद ही आवेदन पत्र का प्रिंटआउट निकाला जा सकेगा।

इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए खेल और युवा कल्याण विभाग में कुल 520 पदों पर नियुक्ति का रास्ता खुलेगा। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले संबंधित विज्ञापन में दी गई पात्रता और समयसीमा की जानकारी ध्यान से जांचने की सलाह दी गई है।