Breaking News

सीतामढ़ी में कुख्यात अपराधी राकेश यादव के भाई को अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, मौत     |   ठाणे: मेट्रो निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरा 26 टन वजन वाला कंटेनर, टला बड़ा हादसा     |   ग्रेटर नोएडा: एल्डिगो सोसाइटी में वाटर टैंक सफाई के दौरान 2 की दम घुटने से मौत     |   जम्मू-कश्मीर के दरहाली अट्टी इलाके में अचानक आई बाढ़, घरों और खेतों में घुसा पानी     |   दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशन फिर खुले, यात्रियों के लिए बड़ी राहत     |  

छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में 22 नक्सली ढेर, एक जवान शहीद

छत्तीसगढ़ के बीजापुर और कांकेर जिलों में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 22 नक्सली मारे गए। इस दौरान एक जवान की भी मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों के सीमावर्ती क्षेत्र में औरकांकेर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में 22 नक्सली मारे गए। 

उन्होंने बताया कि बीजापुर जिले में 18 नक्सली मारे गए वहीं एक जवान की भी मौत हो गई, जबकि कांकेर जिले में चार और नक्सली मारे गए। उन्होंने बताया कि बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों के सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षाबलों के संयुक्त दल को गंगालूर थाना से नक्सल विरोधी अभियान पर रवाना किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान आज सुबह सात बजे से नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच गोलीबारी जारी है।

उन्होंने बताया कि मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद के साथ 18 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। इस घटना में बीजापुर जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के एक जवान की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में मुठभेड़ और खोजी अभियान जारी है। 

कांकेर जिले के पुलिस अधीक्षक इंदिरा कल्याण एलेसेला ने बताया कि सुबह कांकेर और नारायणपुर जिलों की सीमा पर जंगल में एक और मुठभेड़ हुई, जब डीआरजी और सीमा सुरक्षा बल की संयुक्त टीम नक्सल विरोधी अभियान पर थी। 

उन्होंने बताया कि कार्रवाई के बाद चार नक्सलियों के शवों के अलावा स्वचालित हथियार भी बरामद किए गए। इस साल अब तक राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ों में 105 नक्सली मारे गए हैं। इनमें से 89 नक्सली बस्तर संभाग में बीजापुर और कांकेर सहित सात जिलों में मारे गए।