उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार देर रात प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 14 IAS और 34 PCS अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया है। इस फेरबदल में कई जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों (CDO) को बदला गया है, जबकि कई अधिकारियों को शासन के अलग-अलग विभागों में नई जिम्मेदारी दी गई है। सहारनपुर के CDO सुमित राजेश महाजन को उत्तर प्रदेश स्टार्टअप मिशन का मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) बनाया गया है। उनकी जगह राज्य कर के अपर आयुक्त डॉ. सुनील कुमार वर्मा को सहारनपुर का नया CDO नियुक्त किया गया है।
इसी तरह राहुल सिंह को लोक निर्माण विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। इससे पहले वह आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात थे। वहीं, लखीमपुर खीरी के CDO अभिषेक कुमार को विशेष सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी जगह अयोध्या के अपर जिलाधिकारी (नगर) योगानंद पांडेय को लखीमपुर खीरी का नया CDO बनाया गया है।
राजस्व परिषद के सदस्य (न्यायिक) साहब सिंह को सचिवालय प्रशासन विभाग का सचिव बनाया गया है। वहीं, विंध्याचल मंडल के अपर आयुक्त डॉ. विश्राम को राजस्व परिषद में सदस्य (न्यायिक) की जिम्मेदारी दी गई है। रेशम विभाग के विशेष सचिव एवं निदेशक देवेंद्र कुमार सिंह कुशवाहा को भी राजस्व परिषद का सदस्य (न्यायिक) बनाया गया है। वहीं, अंबेडकरनगर के CDO आनंद कुमार शुक्ला को रेशम विभाग का विशेष सचिव एवं निदेशक नियुक्त किया गया है। उनकी जगह कुशीनगर के अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) वैभव मिश्रा को अंबेडकरनगर का नया CDO बनाया गया है।
इसके अलावा युवा कल्याण विभाग के संयुक्त निदेशक अशोक कुमार कनौजिया को माध्यमिक शिक्षा विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है। अलीगढ़ मंडल के अपर आयुक्त अरुण कुमार को ग्राम्य विकास विभाग का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, नगर निगम सहारनपुर के अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार यादव को अलीगढ़ मंडल का अपर आयुक्त बनाया गया है। वहीं, चिकित्सा शिक्षा विभाग की महानिदेशक एवं सचिव नेहा शर्मा को सचिव, चिकित्सा शिक्षा विभाग के पद से अवमुक्त कर दिया गया है। प्रदेश सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को शासन स्तर पर अधिकारियों की नई जिम्मेदारियों और विभागीय कार्यों में बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।